बिजली विभाग द्वारा दर्ज कराए मुकदमे को लेकर डीएसपी से मिले ग्रामीण
-बिजली कर्मचारियों को बंधक बनाने के मामले में भिडूकी निवासी दो युवकों के खिलाफ दर्ज कराया था मुकदमा
अमर उजाला ब्यूरो
होडल। क्षेत्र के गांव भिडूकी में पिछले दिनों छापेमारी के लिए गई बिजली विभाग की टीम को बंधक बनाने और बाद में विभाग के हसनपुर एसडीओ की शिकायत पर थाना पुलिस द्वारा दर्ज किए गए मुकदमे के मामले को लेकर गांव के सैंकडों ग्रामीण लघु सचिवालय पहुंचे। भिडुकी ग्राम पंचायत के सरपंच सत्यदेव गौतम के नेतृत्व में डीएसपी मौजीराम से मिले और दो युवकों के खिलाफ दर्ज किए गए मुकदमे को रद्द किए जाने की मांग की। जिस पर डीएसपी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि वह इस मामले में बिजली विभाग के अधिकारियों और छापेमारी टीम में शामिल कर्मचारियों से पूछताछ करेंगे। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच करने का आश्वासन दिया है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में बिजली का एक ट्रांसफार्मर पिछले काफी दिनों से खराब पड़ा हुआ है। इस मामले को लेकर कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है। इसके बाद विभागीय एसडीओ द्वारा मौका निरीक्षण भी किया जा चुका है, लेकिन समस्या जस के तस बनी हुई है। इसी बीच 6 अगस्त को बिजली विभाग में तैनात कनिष्ठ अभियंता बदन सिंह के नेतृत्व में विभाग की छापेमारी टीम गांव में पहुंची थी। जैसे ही ग्रामीणों को उक्त टीम की सूचना मिली तो कुछ युवकों ने टीम के पांच सदस्यों को अपने पास बैठा लिया और पहले से गांव में खराब पडे़ बिजली के ट्रांसफार्मर को ठीक करने के बाद ही छोड़ने को कहा। जिसके बाद टीम के सदस्यों ने मामले से विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया और खराब पडे़ ट्रांसफार्मर को ठीक कराया। जिसके बाद ही लोगों द्वारा बंधक बनाए गए टीम के सदस्यों को छोड़ा गया था। मामले की जानकारी मिलते ही डीएसपी मौजीराम हसनपुर थाना प्रभारी के साथ मौके पर पहुंच गए। बाद में विभागीय एसडीओ की शिकायत पर पुलिस ने गांव के दो युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया था।