रोजाना 850 लोगों की हो रही कोरोना जांच : सिविल सर्जन
पलवल। नागरिक अस्पताल में मंगलवार को जिला स्वास्थ्य विभाग अधिकारियों की बैठक हुई। इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. ब्रह्मदीप ने बताया कि विभाग द्वारा जिले में रोजाना हर गांव की सीएचसी और पीएचसी केंद्रों में कोरोना जांच शिविर लगाए जा रहे हैं। हर माह लगभग 550 शिविर लग रहे हैं। उन्होंने बताया कि रोजाना 850 से ज्यादा लोगों की कोरोना जांच हो रही है।
वहीं, सिविल सर्जन ने कोविड-19 से बचाव के लिए ई-संजीवनी ओपीडी की ऑनलाइन शुरुआत की। इसके माध्यम से मरीज विशेषज्ञ डॉक्टरों से सलाह लेने के साथ-साथ अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। उसके तीमारदार नजदीकी सरकारी अस्पताल से दवाइयां भी ले सकते हैं। डॉक्टर सोमवार से शनिवार तक सुबह 10 से 1 बजे और 3 से 5 बजे तक संजीवनी ओपीडी पर उपलब्ध रहेंगे।