पेट्रोल के पैसे मांगने पर मैनेजर से मारपीट
पलवल। पंप पर पेट्रोल डलवाने के बाद रुपए मांगने पर बाइक सवार तीन युवकों द्वारा मैनेजर के साथ मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। सदर थाना पुलिस ने पंप के मैनेजर की शिकायत पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी हरिओम ने बताया कि सिविल लाइन कालोनी निवासी मोहित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि वह गांव दिघोट स्थित पेट्रोल पंप पर मैनेजर के पद कार्यरत है। गत 17 दिसंबर को गांव दिघौट निवासी कल्लू, बबली व कृष्ण बाइक पर आए और पंप पर सौ रुपये का पेट्रोल डलवाया। पेट्रोल डालने के बाद जब पंप कर्मी ने रुपये मांगे तो उक्त युवक झगड़ा करने लगे। जब मोहित ने उक्त लोगों से झगड़ा करने का कारण पूछा और रुपये मांगे तो वे मारपीट कर तथा जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लाठी डंडो से किया हमला
पलवल। चांदहट थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि गांव खजूरका निवासी हरेंद्र ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि 17 दिसंबर को लड़ाई-झगड़े की रंजिश रखते हुए गांव निवासी हरभजन, मनोज, अनुज, सुखवीर व रोहित ने लाठी-डंडा व रोड से गांव में पीड़ित पर हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रंजिशन परिवार पर गोलियां चलाने का आरोपी गिरफ्तार
पलवल। गांव औरंगाबाद में लगभग एक महीने पूर्व रंजिशन घर पर आकर परिवार पर गोलियां चलाने के आरोप में सदर थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि पुलिस इस मामले में पीड़ित की शिकायत पर सात नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर चुकी है। जांच अधिकारी धर्मपाल ने बताया कि 24 नवंबर को गांव औरंगाबाद निवासी तेजेंद्र ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी गांव निवासी कुछ युवकों से पुरानी रंजिश चली आ रही है। गत 23 नवंबर की रात को पीड़ित अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद था। उसी समय किसी ने गेट को बजाया। पीड़ित ने जब गेट को खोला तो तीन बाइको पर कुछ युवक आए और जान से मारने की नियत से सीधी गोलियां चलाई। लेकिन गनीमत यह रही कि गोली किसी को नही लगी। पीड़ित ने गोली चलाने वाले आरोपियों को पहचान लिया जो कि गांव निवासी सुनील, सागर, श्यामसुंदर, दानवीर, देवेंद्र, राजेश व धर्म थे। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने गत बुधवार को एक आरोपी सुनील को हिरासत में ले लिया जिससे पुलिस गहन पूछताछ कर रही है और उसके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे है।