चार क्षेत्रों से अवैध शराब पकड़ी
पलवल। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों से अवैध शराब पकड़ी है। साथ ही नशे में हुड़दंग करते एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार अपराध जांच शाखा पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक पिकअप गाड़ी में दो युवक अवैध रूप से शराब को यूपी ले जा रहे हैं। सूचना मिलते पुलिस ने एनएच-टू पर टोल प्लाजा के समीप नाकाबंदी शुरू कर दी। थोड़ी देर बाद एक पिकअप गाड़ी आती हुई दिखाई दी, जिसे रुकवाया गया। गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें से 115 पेटी शराब की बरामद हुई। साथ पुलिस ने गाड़ी सवार पलवल के गोरिल्ला मोहल्ला निवासी संजू उर्फ संगराज व जिला मथुरा (यूपी) के गांव चोमा निवासी अमित को गिरफ्तार किया। इसी प्रकार चांदहट थाना पुलिस ने गांव मोहना निवासी बबलू को सुनहरी का नंगला से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भी कई बोतल शराब बरामद की। इसी प्रकार कैंप थाना पुलिस ने गांव फुलवाड़ी निवासी कुलदीप को कार सहित रहराना रोड़ से काबू कर उसके कब्जे से 448 बोतल देशी शराब व 72 बीयर बरामद की। इसी प्रकार सदर थाना पुलिस ने गांव सेंवली निवासी प्रदीप को गांव बामनीखेड़ा से शराब के नशे में हुड़दंग करते गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। ब्यूरो
अवैध हथियार सहित एक गिरफ्तार
पलवल। सदर थाना पुलिस ने गश्त के दौरान एक युवक को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी हैड कांस्टेबल समय सिंह के अनुसार वह गत 19 सितंबर को अपने क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। उसी समय गांव दुधौला के समीप एक युवक संदिग्ध परिस्थिति में खड़ा दिखाई दिया जो पुलिस को देख तेज गति से चलने लगा। पीछा कर उक्त युवक को काबू किया गया जिसके कब्जे से एक देशी कट्टा व दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गांव दुधौला निवासी देशवीर उर्फ कल्लन बताया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। ब्यूरो
तीन लोग लापता, केस दर्ज
पलवल। अलग-अलग थाना क्षेत्र से दो नाबालिग लड़के और एक 40 वर्षीय महिला संदिग्ध परिस्थिति में लापता हो गई। पुलिस ने पीड़ित परिजनों की शिकायत पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार एक पीड़ित व्यक्ति ने शहर थाना पुलिस को शिकायत दी है कि उसकी 40 वर्षीय बहन 18 सितंबर को बगैर कुछ बताए घर से कहीं चली गई। इसी प्रकार जवाहर नगर कैंप कॉलोनी निवासी सुरजीत ने कैंप थाना पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है कि उसका 14 वर्षीय भतीजा अमित 8 सितंबर को गोल मार्केट के समीप कहीं इधर-उधर चला गया। इसी प्रकार हिसार के हाजमपुर निवासी सोनू कुमार ने शिकायत दी है कि उसका 17 वर्षीय भाई सोनू 18 सितंबर को पंजाबी धर्मशाला के समीप से लापता हो गया। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत के आधार पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। ब्यूरो