संत रविदास जयंती कार्यक्रम आज
पलवल। जिला कल्याण अधिकारी जयपान सिंह हुडडा ने बताया कि 19 फरवरी को सुबह 10 बजे स्थानीय महात्मा गांधी सामुदायिक केंद्र एवं पंचायत भवन, पलवल में अनुसूचित जातियां व पिछड़े वर्ग कल्याण विभाग, हरियाणा के सौजन्य से संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 642वीं जयंती मनाई जाएगी। इस अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में डॉ. उपायुक्त मनीराम शर्मा मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम में संत शिरोमणि गुरुरविदास जी की जीवन शैली पर भाषण व लेखन प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूल, कॉलेजों के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा। ब्यूरो
----------
दो दिवसीय रोजगार मेले में आएंगी 100 कंपनियां
पलवल। रोजगार विभाग द्वारा 22 और 23 फरवरी को दो दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन डॉ. भीमराव अंबेडकर महाविद्यालय, पलवल में किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी श्याम सुंदर रावत ने बताया कि 22 फरवरी को इस दो दिवसीय रोजगार मेले का उद्घाटन उपायुक्त डॉ. मनीराम शर्मा करेंगे। मेले के समापन अवसर पर 23 फरवरी को हरियाणा के श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री द्वारा चयनित बेरोजगार युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि रोजगार विभाग द्वारा प्राइवेट क्षेत्रों में 25 हजार बेरोजगार युवाओं को 12 मेगा रोजगार मेला के माध्यम से नौकरी लगवाने का लक्ष्य है। इसके लिए विभाग ने नव ज्योति ग्लोबल सॉल्यूशन प्राइवेट गुरुग्राम के साथ एमओयू किया है। उन्होंने बताया कि इसी कड़ी में पलवल में लगने वाला तीसरा रोजगार मेला है। इसमें लगभग 100 कंपनियां बेरोजगार युवाओं को मौके पर ही साक्षात्कर लेकर चयन करेंगी। ब्यूरो