एटीएम मशीन से नकदी चुराने वाला किया पुलिस के हवाले, मामला दर्ज
हसनपुर। हसनपुर में एक व्यक्ति एटीएम मशीन से पैसे निकालने के लिए गया तो अचानक से एक युवक उसकी सहायता करने के लिए आ गया। इस पर व्यक्ति ने युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। व्यक्ति ने आरोप लगाया कि यह युवक लोगों के एटीएम से नकदी चुराता है। व्यक्ति का आरोप है कि हाल में इसी युवक ने उपभोक्ता के एटीएम खाते से 10 हजार रुपये निकाले हैं।
हसनपुर निवासी सोहनलाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 29 नवंबर को वह बैंक एटीएम से दस हजार की नकदी निकालने गया था। उसने बताया कि एटीएम मशीन में कार्ड डालकर पिन नंबर भी डाल दिया लेकिन उसके बाद मशीन हैंग हो गई। इसके बाद नकदी नहीं निकल सकी लेकिन कुछ देर बाद ही मोबाइल पर नकदी निकालने का मैसेज आ गया जिसके देखकर उसके होश उड़ गए। व्यक्ति ने बताया कि जब उसने एटीएम की ओर देखा तो यही युवक एटीएम से निकल रहा था। दो दिन बाद सोहनलाल फिर से नकदी निकालने एटीएम मशीन पर पहुंचा तो वही युवक मशीन के बाहर दिखाई दिया ,जिसे उसने पहचानते ही पकड़ लिया। युवक ने पीड़ित को पांच हजार रुपये देकर कहा कि बाकी पैसे वह घर से मंगाता है। इस पर पीड़ित ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस ने सोहनलाल की शिकायत पर बेढा पट्टी निवासी समा के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।