घर में घुसकर महिला से छेेड़छाड़, मामला दर्ज
पलवल। घर में घुसकर 40 वर्षीय महिला के साथ छेड़छाड़ करने व विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर नामजद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी पुष्पा के अनुसार पीड़िता महिला ने शिकायत दर्ज कराई है कि गत 15 अक्तूबर को उसे घर में अकेला पाकर नवल सिंह नामक व्यक्ति ने उसके साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर उसने पीड़िता के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। ब्यूरो
युवती से मोबाइल फोन लूटा
पलवल। स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत युवती से बाइक सवार दो युवक मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। शहर थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हथीन गेट चौकी इंचार्ज संजय कुमार ने बताया कि पंचकूला के लोहागढ़ निवासी प्रतिमा ने शिकायत दर्ज कराई है कि विभागीय काम से वह पलवल के निजी होटल में ठहरी हुई थी। गत 15 अक्तूबर की रात करीब नौ बजे वह खाना खाने के लिए आगरा चौक के समीप आई हुई थी। उसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उसके हाथ से मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए। ब्यूरो