बाइकर्स गैंग का आतंक जारी, तीन स्थानों पर की लूटपाट
-एक व्यापारी के पांव में गोली मार लूट 40 हजार
-केजीपी पर गाड़ी चालक को बंधक बना बुलेरो और डेढ़ लाख लूटे
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। जिले में बाकइर्स गैंग का आतंक रुकने का नाम नहीं ले रहा है। बाइकर्स आए दिन कहीं न कहीं लूट की वारदातों को अंजाम दे डालते हैं। पुलिस द्वारा इन पर अंकुश लगाने के प्रयास भी खूब किए जा रहे हैं, लेकिन उसके बाद भी इनका आतंक लगातार बढ़ रहा है। सब्जी मंडी में ही बाइक सवार तीन युवकों ने एक व्यापारी को पांव में गोली मारकर घायल कर दिया तथा उससे 40 हजार रुपये लूट कर ले गए। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार एफसीआई गोदाम रोड निवासी रितिक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि गत 18 अगस्त की देर शाम वह और उसके पिता दुकान को बंद कर घर के लिए जा रहे थे और दिन की बिक्री के रुपयों को स्कूटी की डिग्गी में रख लिया था। जैसे ही वे दुकान से निकले तभी बाइक पर सवार होकर आए तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया तथा फायर शुरू कर दिया। गोली उसके पिता के पांव में लगी। उसके बाद बदमाश उनसे स्कूटी चाबी छीनकर डिग्गी में रखे 40 हजार रुपये लूट कर भाग गए। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में पुलिस ने तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वहीं सदर थाना अंतर्गत गांव सेलौटी निवासी दिनेश ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि बाइक सवार तीन बदमाशों ने 18 अगस्त को देर सांय गांव दीघोट के नजदीक उससे उसकी बाइक, फोन और 1200 रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वहीं चांदहट थाना अंतर्गत गांव फिरोजपुर झिरका जिला नूंह निवासी तय्यूब ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि वह गत 19 अगस्त को अपने एक अन्य साथी के साथ कार में सवार होकर केजीपी रोड के रास्ते हापुड़ से वापस घर के लिए जा रहा था। जैसे ही वह गांव छज्जनगर स्थित बने टोल के बूथ पर पहुंचे तो उसने रुपये निकालकर टोल दिया। तभी उटावड़ निवासी अशफाक और उसके तीन अन्य साथियों ने उसकी बुलेरो गाड़ी की चाबी छीन ली और उसे जबरन दूसरी गाड़ी में बैठा दिया। उसके बाद उसे आरोपी बंधक बनाकर ले गए तथा एक कमरे में ले जाकर बंद कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी उसकी गाड़ी में रखे डेढ़ लाख रुपये भी लूट कर ले गए। पुलिस ने उसके बयान पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।