- राजनीतिक दल जुटे रहे मतदान केंद्रों पर, उम्मीदवारों ने एजेंटों को सौंपा मतदाता पर्ची बांटने का कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। हरियाणा विधानसभा चुनाव में विभिन्न राजनीतिक दलों से अपनी किस्मत आजमा रहे उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला आज मतदान से होगा। जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ रहे 34 उम्मीदवारों के लिए 7,00,556 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। जिला प्रशासन की तरफ से मतदान की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उसके लिए मतदान केंद्रों पर पोलिंग पार्टियों को रवाना कर दिया है।
दरअसल जिले में कुल 7 लाख 556 मतदाता हैं। इनमें हथीन विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख, 38 हजार, 881 मतदाता हैं, जिनमें 1 लाख 28 हजार 635 पुरुष, 1 लाख 10 हजार 235 महिला व 11 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। होडल विधानसभा क्षेत्र में कुल 1 लाख 95 हजार 353 मतदाता हैं, जिनमें 1 लाख 4 हजार 790 पुरुष, 90 हजार 545 महिलाएं व 7 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। इसी प्रकार पलवल विधानसभा में कुल 2 लाख 66 हजार 322 मतदाता हैं, जिनमें 1 लाख 41 हजार 566 पुरुष, 1 लाख 24 हजार 749 महिला व 18 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं, जो शनिवार पांच अक्टूबर को होने वाले विधानसभा आम चुनाव-2024 में भागीदारी निभाएंगे।
पलवल, होडल व हथीन से विधानसभा के 34 उम्मीदवार मैदान में
पलवल जिले के अंदर होडल, हथीन तथा पलवल तीन विधानसभा क्षेत्र हैं। इन तीनों विधानसभा क्षेत्र में भाजपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, जजपा-असपा और इनेलो-बसपा गठबंधन के अलावा निर्दलीय प्रत्याशी चुनावी मैदान में है। तीनों सीटों पर फिलहाल 34 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।
राजनीतिक दल भी जुटे प्रबंधन में
राजनीतिक दल भी मतदान की तैयारियों में दिनभर जुटे रहे। राजनीतिक दलों ने पलवल जिले में चुनाव आयोग द्वारा बनाए गए मतदान केंद्रों पर नियुक्त करने के लिए एजेंट बनाए तथा उन्हें उन मतदान केंद्रों पर रहने वाले मतदाताओं के नामों की पर्चियां दीं, ताकि वे शाम को घर-घर जाकर मतदाताओं को पर्चियां वितरित कर सकें। उम्मीदवारों के समर्थक पर्चियां लेकर मतदाताओं के घर पहुंचे तथा अपने-अपने उम्मीदवारों के समर्थन में मतदान करने की अपील भी की। उम्मीदवारों के समर्थक मतदाताओं से संपर्क कर मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान करने के लिए जागरूक भी कर रहे हैं।