सरसों और गेहूं की फसल खरीद के इंतजाम पूरे करने के निर्देश
पलवल। मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजेश खुल्लर ने निर्देश दिए है कि प्रदेश की अनाज मंडियों में सरसों और गेंहू की खरीद का कार्य सुचारूरूप से करने के लिए सभी जरूरी इंतजाम समय पर पूरे कर लिए जाएं। ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। खुल्लर मंगलवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिला उपायुक्तों व खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को रबी फसलों की खरीद संबंधी कार्यों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि मंडियों में मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर सरसों की फसल का ब्यौरा देने वाले रजिस्टर्ड किसानों की ही फसल खरीदी जाए। इन किसानों की फसल का भुगतान भी उनके बैंक खातों में ही हो।
उन्होंने कहा कि किसान एक बार में केवल 25 क्विंटल तक ही सरसों मंडी में लाए तथा इससे अधिक वजन की सरसों को एक बार में नहीं खरीदा जाएगा। इसी प्रकार गेंहू की फसल की खरीद के लिए किसी भी प्रकार की कोई शर्त नहीं है। वीडियो कांफ्रेंस में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग हरियाणा के अतिरिक्त मुख्य सचिव एस एन रॉय, अतिरिक्त मुख्य सचिव वी. उमा शंकर तथा निदेशक शेखर विद्यार्थी ने भी खरीद संबंधी कार्यों बारे आवश्यक दिशा-निर्देंश दिए। इस दौरान उपायुक्त डा. मनीराम शर्मा, एसडीएम पलवल जितेंद्र कुमार, एसडीएम होडल वत्सल वशिष्ठ व हथीन के एसडीएम वकील अहमद, जिला राजस्व अधिकारी नरेश जोवल तथा जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक राम अवतार समेत अन्य मौजूद रहे।