पलवल में जिला नागरिक अस्पताल में किया आक्सीजन प्लांट का उदघाटन
- फोटो : Palwal
पलवल। जिला नागरिक अस्पताल में अब ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं रहेगी। अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट शुरू कर दिया गया है। विधायक दीपक मंगला ने शुक्रवार को नागरिक अस्पताल में नवनिर्मित इस ऑक्सीजन प्लांट का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने जिले में ऑक्सीजन प्लांट लगवाकर लोगों को एक सौगात दी है। इसमें एक मिनट में 500 लीटर ऑक्सीजन बनकर तैयार होगी।
कोविड-19 वैश्विक महामारी की दूसरी लहर के दौरान पलवल जिले में ऑक्सीजन की भारी कमी रही थी। उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल से आग्रह किया था कि पलवल जिले में ऑक्सीजन की आपूर्ति की जाए। मुख्यमंत्री द्वारा पलवल और होडल में ऑक्सीजन प्लांट लगाने को मंजूरी प्रदान की गई। पलवल में ऑक्सीजन प्लांट शुरू हो गया है। इसमें एक मिनट में 500 लीटर ऑक्सीजन बनकर तैयार हो जाती है। इसके अलावा ऑक्सीजन को स्टोर करने के लिए अलग से एक टैंक बनाया गया है। अस्पताल के सभी बेडों पर ऑक्सीजन की पाइपलाइन सीधे जोड़ दी जाएगी। पलवल में ऑक्सीजन की कमी से किसी भी मरीज को कोई दिक्कत नहीं आएगी। उन्होंने पीएम केयर फंड और पीडब्ल्यूडी विभाग व नेशनल हाईवे विभाग का आभार प्रकट किया, जिनके सहयोग से यह ऑक्सीजन प्लांट लगाया गया है।
सिविल सर्जन डॉ. ब्रहमदीप सिंह ने बताया कि सरकार द्वारा ऑक्सीजन की कमी को दूर करने के लिए पलवल जिले में दो प्लांट लगाने को मंजूरी प्रदान की गई। पहला ऑक्सीजन प्लांट पलवल के नागरिक अस्पताल में लगाया गया है, जिसकी क्षमता 500 लीटर प्रति मिनट ऑक्सीजन बनाने की है। मशीनों के माध्यम से वातावरण में मौजूद शुद्ध वायु को ऑक्सीजन में कनवर्ट किया जाता है। फिर इसको एक अलग टैंक में स्टोर कर लिया जाता है। अस्पताल के परिसर में अलग से जो टैंक बनाया गया है, उसमें 450 टन ऑक्सीजन को स्टोर किया जा सकता है ताकि इमरजेंसी के दौरान भी ऑक्सीजन की कमी न रहे। सिविल सर्जन ने बताया कि पलवल नागरिक अस्पताल में 100 बेड है और सभी बेडों तक ऑक्सीजन की पाइपलाइन लगा दी गई है। इसके अलावा होडल के नागरिक अस्पताल में एक हजार लीटर ऑक्सीजन प्रति मिनट बनाने का प्लांट तैयार किया जा रहा है।