सिंचाई विभाग ने छांयसा, बीघावली व अन्य गांवों में छापेमारी की
संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। हथीन क्षेत्र से गुजर रही गुरुग्राम नहर से पानी चोरी रोकने के लिए सिंचाई विभाग ने छांयसा, बीघावली एवं अन्य गांवों के क्षेत्रों में नहर की दोनों पटरियों में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान अवैध रूप से पानी चोरी के लिए लगाए गए 50 पाइपों को विभागीय टीम ने जब्त कर लिया।
विभाग के एसडीओ अंकित चौहान ने बताया कि विभागीय टीम ने अवैध रूप से पाइप डालकर पानी चोरी करने वालों का सर्वेक्षण भी कर लिया है। संबंधित आरोपियों के खिलाफ विभागीय पेनाल्टी लगाने एवं पुलिस की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए संबंधित नहर पटवारी एवं जिलेदार के माध्यम से भी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ प्रवर्तन थाना में केस दर्ज कराने के लिए तहरीर दी जा रही है।
समाधान शिविर में शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
गांव छांयसा निवासी पूर्व सैनिक रामेश्वर सिंह ने जिला समाधान शिविर में दो बार नहरी पानी चोरी मुद्दा उठाया। जिला के अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद ने सिंचाई विभाग के अधिकरियों को निर्देश जारी किए कि पानी चोरी के खिलाफ अभियान चलाकर इसको बंद कराया जाए। इसके बाद से सिंचाई विभाग सक्रिय हो गया। पिछले एक पखवाड़े के दौरान सिंचाई विभाग की टीमों ने 200 के लगभग अवैध पाइप, इंजन एवं अन्य सामान जब्त किया है। जिला उपायुक्त जयेंद्र सिंह छिल्लर ने भी सिंचाई विभाग को पानी चोरी पर पूर्णतया विराम लगाने के निर्देश दिए हैं।