संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। नूंह पुलिस ने नशा तस्करी के आरोप में रोजका मेव थाना क्षेत्र के कंवरसिका से युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि परवेज आलम, पुत्र यूनुस खान अपने प्लॉट के सामने चिट्टा (स्मैक) और एविल इंजेक्शन बेच रहा है। ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तलाशी के दौरान आरोपी की जेब से 10 ग्राम चिट्टा और 195 एविल की शीशियां बरामद की गईं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह चिट्टा गांव कंवरसिका निवासी वसीम अकरम उर्फ अक्कम से खरीदकर लाया था। जांच अधिकारी विनोद कुमार का कहना है कि पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है तथा सप्लाई चेन से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।