पलवल में टीका लगवाता स्वास्थ्य कर्मी।
पलवल। जिले में बृहस्पतिवार को कोरोना वैक्सीन का दूसरा चरण स्वास्थ्य विभाग ने शुरू कर दिया। जिन लोगों को पहले कोरोना का टीका लगा था, उन्हें बृहस्पतिवार को 28 दिन बाद दूसरा टीका लगाया गया। विभाग ने 500 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया था ,लेकिन मात्र 49 स्वास्थ्य कर्मी ही टीका लगवाने पहुंचे।
जिला सिविल सर्जन डॉक्टर ब्रह्मदीप ने बताया कि पलवल जिले में कोरोना के टीका लगवाने को लेकर विभाग पूरी तरह गंभीर है जो लक्ष्य विभाग द्वारा रखा गया है उसे प्रदेश के अन्य जिलों के मुकाबले पर सबसे पहले पूरा किया जाएगा।
बृहस्पतिवार को जिले में कोरोना वैक्सीन का टीका लगाने के लिए 22 केंद्र बनाए गए थे। इन केंद्रों में जिला नागरिक अस्पताल होडल, उपमंडल अस्पताल दूधोला स्वास्थ्य केंद्र ,अलावलपुर सहित सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर टीके लगने थे। इनमें से होडल में 8, औरंगाबाद में 8, पीएचसी सलागढ़ में 16, कृष्णा कॉलोनी में 8 तथा हथीन उपमंडल अस्पताल में 9 स्वास्थ्य कर्मियों को टीके लगाए गए।
जिला सिविल सर्जन ब्रह्मदीप ने बताया कि जो स्वास्थ्य कर्मचारी बृहस्पतिवार को टीका लगवाने से वंचित रह गए हैं उन सभी को फोन पर मैसेज के द्वारा सूचित किया जा रहा है जल्दी उन्हें टीका लगाया जाएगा। शुक्रवार को भी इन सभी केंद्रों पर टीके लगाए जाएंगे।