आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मनकाकी गांव में पुलिस ने मारा छापा
क्रिकेट मैच के बाद कथित रूप से पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने का मामला
गांव में नहीं मिला एक भी युवक
अमर उजाला ब्यूरो
हथीन। क्रिकेट मैच के बाद कथित रूप से पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाये जाने के मामले में पुलिस ने मंगलवार को मुकदमा दर्ज करके आरोपियों की धरपकड़ के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं। जांच अधिकारी चंदन सिंह ने बताया मनकाकी गांव में छापे मारे गए लेकिन एक भी अभियुक्त हत्थे नहीं चढ़ पाया है।
इस बीच सूत्रों से पता चला है कि इस मामले में जिन लोगों की गिरफ्तारी के प्रयास पुलिस कर रही है वे सभी रिश्तेदारों के पास छिपे हैं। हालात यह बने कि गांव मनकाकी के अधिकतर युवा इस भय से भी भूमिगत हो गए कि कहीं उनका नाम भी इस मामले में न आ जाये। मंगलवार की रात्रि और बुधवार की सुबह कोई भी स्थानीय युवा गांव में नहीं था। इस बीच कई लोग इस मामले को परंपरागत पंचायती स्तर पर निपटाने का भी प्रयास कर रहे हैं। पंचायत समिति के चेयरमैन एवं जेजेपी के नेता जाकिर हुसैन, कांग्रेसी नेता इशाक एवं कुछ अन्य लोग बुधवार की सुबह गांव हुडीथल में पहुंचे। उन्होंने इस संदर्भ में मुकदमा दर्ज कराने वाले लोगों से बात की। इस मामले को पंचायती स्तर पर निपटाने का आग्रह भी किया। लेकिन हुडीथल गांव के लोगों से अभी तक कोई पहल सामने नहीं आई है। वहीं पुलिस ने इस मुकदमे के संदर्भ में संबधित साक्ष्यों को एकत्रित करना भी शुरू कर दिया है। सोशल मीडिया पर डाली गयी विडियो को लोग बार-बार मोबाइल पर देख रहे हैं। थाना प्रभारी जयराम का कहना है कि पुलिस की नजर इस मामले में घटनाक्रम पर है। किसी भी हालत में इलाके का अमनचैन बिगड़ने नहीं दिया जाएगा।