टीन शेड में फंदे पर लटका मिला युवक का शव
- होडल के गांव सेवली की घटना, 12 के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज
होडल। गांव सेवली में एक युवक का शव घर के ही पीछे बने एक टीन शेड में फंदे से लटका मिला। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में रखवाया। पुलिस ने इस मामले में मृतक युवक के पिता लज्जाराम के बयान पर गांव के ही करीब 12 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
मृतक के चाचा सेवली निवासी अजीत ने बताया कि उसका 19 वर्षीय भतीजा मनीष पलवल आईटीआई में पड़ता था। शुक्रवार को देर शाम वह और मनीष घर के बाहर से आए थे। इसी दौरान मनीष को फोन आया, इसके बाद वह बाहर चला गया। जब काफी देर तक मनीष नहीं आया तो उसकी तलाश की गई, लेकिन वह नहीं मिला। जब रात को वे घर के पीछे टीन शेड में पहुंचे तो देखा मनीष फंदे पर लटका हुआ है। पुलिस में दी शिकायत में मृतक के पिता लज्जा राम का आरोप है कि गांव सेवली निवासी छोटे लाल, राधे लाल, मोहित, विनीत सहित इनके अन्य परिवारजनों के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा चल रहा था। शुक्रवार को भी अजीत के फोन पर छोटे लाल का फोन आया कि वो उसके भतीजे की हत्या कर देगा। उन्होंने ही उसके भतीजे की हत्या की है और उसे आत्महत्या का रूप देने के लिए उनके घर के पीछे बनी तीन शेड में लटका दिया। पुलिस ने लज्जाराम के बयान पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर मृतक के परिवार में रोष बना हुआ है। फिलहाल गांव में अशांति बनी हुई है। पुलिस सुरक्षा की दृष्टि से गांव में नजर रखे हुए हैं। मुंडकटी पुलिस चौकी प्रभारी शेर सिंह का कहना है कि मामले में निष्पक्षता से जांच की जा रही है। जो भी इस मामले में दोषी होगा, उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।