ई ट्रेडिंग के विरोध में व्यापारी आज रहेंगे हड़ताल पर
होडल। अनाज मंडी में ऑनलाइन ई ट्रेडिंग व किसानों के खातों में सीधी राशि जाने से खफा मंडी व्यापारियों ने बैठक कर रोष जताया। व्यापारियों ने कहा कि सरकार के खिलाफ बिगुल बजाते हुए 15 जनवरी को अनाज मंडी को बंद रखा जाएगा। होडल मंडी के आढ़ती एसोसिएशन अध्यक्ष सतपाल पहलवान ने कहा कि सरकार अपने निर्णय को वापिस ले, नहीं तो व्यापारी आगामी रणनीति के लिए तैयार रहेंगे। मंगलवार को अनाज मंडी बंद करने के बाद भी यदि सरकार ने कोई फैसला नहीं लिया तो सभी व्यापारी एकजुट होकर हड़ताल के साथ-साथ सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे। बैठक में मौजूद मंडी के कश्मीरी लाल गोयल, मनीष गर्ग, समाजसेवी राजू ने कहा कि रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया के विरोध में किसानों और व्यापारियों में खटास पैदा हो रही है। इस मौके पर नवीन कत्याल ,भरत सिंह राविया, विकास बिन्दल सहित सैकड़ों की संख्या में व्यापारी मौजूद थे।