कंपनी के 3 लोगों पर लापरवाही बरतने का मामला दर्ज
हेल्पर से करा रहे थे ऑपरेटर का काम, मशीन में हाथ आने से तीन अंगुलियां कटीं
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। सदर थाना क्षेत्र के गांव ततारपुर रोड़ स्थित एक कंपनी में हेल्पर का काम कर रहे युवक को ऑपरेटर का काम करना महंगा पड़ गया जब उसकी तीन अंगुलियां मशीन में आने से कट गईं। पुलिस ने पीड़ित हेल्पर की शिकायत पर कंपनी के मालिक, मैनेजर और डायरेक्टर के खिलाफ लापरवाही बरतने और हेल्पर से जबरन ऑपरेटर का कार्य कराने के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
जांच अधिकारी दुलीचंद के अनुसार गांव डबाहरा नंदगांव (यूपी) निवासी बलदेव ने पुलिस को बताया कि वह गांव ततारपुर रोड़ स्थित जयम ऑटो प्राइवेट लिमिटेड इंडस्ट्री में चार वर्ष से हेल्पर का कार्य कर रहा है। पिछले चार-पांच महीने से कंपनी मालिक, मैनेजर व डायरेक्टर उससे स्कूटर मशीन पर जबरन ऑपरेटर का कार्य करा रहे थे। पीड़ित का आरोप है कि मशीन पिछले दो महीने से खराब हालत में चल रही थी। जिसके बारे में कंपनी मालिक, मैनेजर व डायरेक्टर को अवगत कराया था। लेकिन उन्होंने कोई ध्यान नहीं दिया। गत 24 दिसंबर को पीड़ित मशीन पर काम कर रहा था तो मशीन अचानक बंद हो गई। पीड़ित जब मशीन की जांच करने लगा तो मशीन अचानक स्टार्ट हो गई और उसका बायां हाथ उसमें आ गया। जिससे पीड़ित के हाथ की तीन अंगुलियां कट र्गइं। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर कंपनी के मालिक गौतम कुमार, मैनेजर अशोक कुमार और डायरेक्टर कश्यप साहब के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।