सिपाही की परीक्षा में परीक्षार्थियों से कड़े और घड़ी उतरवाईं
-27 हजार की जगह कुल 16 हजार ने ही दी परीक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा रविवार को ली गई पुलिस सिपाही की लिखित परीक्षा जिले में पूरी तरह से शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्रों पर भारी पुलिस बल तैनात था। परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने से पहले ही परीक्षार्थियों से हाथ के कडे़ और घड़ियां तक उतरवा लीं। शहर में कुल 49 परीक्षा केंद्र पर करीब 16 हजार परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी।
जिले में हुई पुलिस सिपाही लिखित परीक्षा में 27196 परीक्षार्थियों को परीक्षा देनी थी, परंतु सुबह के सत्र में मात्र 8510 परीक्षार्थियों ने ही परीक्षा दी। जबकि शाम के सत्र में भी इतने ही परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा शुरू होने से करीब एक घंटे पहले परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों को अंदर प्रवेश कराया गया। अंदर प्रवेश कराने से पहले परीक्षार्थियों की गहनता से जांच की गई। परीक्षार्थियों के कड़े, घड़ी व अन्य सामान बाहर ही जमा करा लिया गया।
परीक्षाओं के लिए बनाए गए नोडल अधिकारी एसडीएम जितेंद्र कुमार ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर उड़नदस्ते के रूप में अधिकारी नियुक्त किए गए थे, उन्हीं की देखरेख में शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा संपन्न कराई गई। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के आसपास 200 मीटर के दायरे में धारा 144 लगाई गई। इस दौरान परीक्षा केंद्रों के पास लगी हुई फोटो स्टेट मशीनें व अन्य दुकानों को बंद कराया गया था, ताकि परीक्षा में किसी तरह का व्यवधान न पड़े। इसके अलावा पुलिस कप्तान विनोद कौशिक व उपायुक्त डा. मनीराम शर्मा ने भी कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर परीक्षा का जायजा लिया। पुलिस कप्तान ने पुलिस अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर पूरी निगरानी रखने के आदेेश दिए।
काफी समय तक खड़े रहे सवारियों के इंतजार में
हिसार, भिवानी व रोहतक से परीक्षा देने आए परीक्षार्थी परीक्षा खत्म होने के बाद कई घंटे तक बस अड्डा पर सवारियों के इंतजार में खड़े रहे। फरीदाबाद में रेलवे लाइन पर नॉन इंटरलॉकिंग काम होने के कारण कई ट्रेने रद्द रहीं। इस कारण परीक्षार्थियों को वापस जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा।