बैंक संबंधी काम निपटाने के लिए भटकते रहे लोग
- बैंकों पर बंद के बोर्ड लगे देख वापिस लौटे लोग
पलवल। जिले में शुक्रवार को सरकारी बैंकों में पूरी तरह से हड़ताल रही। हड़ताल के कारण लोग बैंक संबंधी काम निपटाने के भटकते रहे। हड़ताल के कारण करीब 15-16 करोड़ का कारोबार प्रभावित रहा। वहीं जिन उपभोक्ताओं को हड़ताल की जानकारी नहीं थी उनको बैंक से मायूस होकर लौटना पड़ा।
वेतन भत्ते की समीक्षा करने व सरकारी बैंकों के विलय के खिलाफ आल इंडिया बैंक आफिसर्स फेडरेशन के तत्वावधान में शुक्रवार को बैंक कर्मचारी हड़ताल पर रहे। बैंक कर्मचारियों ने सुबह से ही बैंक बंद रखा तथा बाहर धरने पर बैठे रहे। कर्मचारियों ने सरकारी विरोधी नारे भी लगाए। बैंक कर्मचारियों ने कहा कि वेतन और भत्ते की समीक्षा के नाम पर कर्मचारियों का शोषण करने की योजना बनाई जा रही है। वहीं बैंकों के विलय को लेकर भी कर्मचारियों के ऊपर डंडा चलाने की योजना है, इसे कर्मचारी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेंगे। हड़ताल होने से राजस्व को तो हुआ ही साथ में व्यापारियों के नियमित कामकाज भी नहीं हो सके। अब बैंक सोमवार को ही खुलेंगे, उसके बाद 25 दिसंबर को क्रिसमस तथा 26 को फिर से हड़ताल होने के कारण बैंक बंद रहेंगे। इतने दिन बैंकों की छुट्टी होने के कारण काफी कामकाज ठप रहेंगे तथा सोमवार को एक दिन के लिए बैंक खुलने के कारण बैकों में भी मारामारी रहेगी।