दुष्कर्म के आरोपी शिक्षक के समर्थन में अध्यापक मिले पुलिस कप्तान से
-निष्पक्ष जांच कराने की मांग की, डीएसपी को सौंपी जांच
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ, एचपीटीए, हसला और मास्टर वर्ग एसोसिएशन सहित अन्य शिक्षक संगठनों ने मंगलवार को जिला पुलिस कप्तान से मिलकर शिक्षक पर लगाए गए दूसरी कक्षा की छात्रा से दुष्कर्म के आरोप के मामले में निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। शिक्षक संगठनों के नेताओं का कहना था कि हथीन के गांव के सरकारी स्कूल में 10 दिसंबर को दूूसरी कक्षा की छात्रा से दुष्कर्म का जो आरोप लगाया गया है, वह पूरी तरह से झूठा है। शिक्षकों ने मांग की कि इस मामले में निष्पक्ष जांच कराई जाए।
10 दिसंबर को हथीन उपमंडल के एक सरकारी स्कूल में एक दूसरी कक्षा की छात्रा से दुष्कर्म के आरोप में स्कूल के एक शिक्षक पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने इस मामले में बच्ची की डॉक्टरी जांच कराने के बाद मामला दर्ज किया था। पुलिस आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी के लिए कई जगह दबिश दे चुकी है। मंगलवार को इसी शिक्षक के समर्थन में जिले के अध्यापक संगठनों से जुड़े नेता पुलिस कप्तान से मिले थे। पुलिस कप्तान ने शिक्षकों की मांग पर इस मामले की जांच डीएसपी अभिमन्यु लोहान को सौंप दी है। पुलिस कप्तान ने कहा कि निष्पक्ष जांच कराई जाएगी तथा किसी भी निर्दोष को सजा नहीं होने दी जाएगी। इस अवसर पर मुख्य रूप से अध्यापक नेता वेद पाल, भारत दहिया गीतेश कुमार, मनोज सहरावत, वीर सिंह सौरोत, अशोक बालियान, शिवकुमार गुप्ता, भरत सिंह, दिनेश, राजीव लांबा, जहांगीर खान, देशराज मौजूद रहे।