युवती के बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला दर्ज
पलवल। चांदहट थाना क्षेत्र से युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने युवती के चाचा की शिकायत पर नामजद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी अजीत सिंह के अनुसार पीड़ित व्यक्ति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी 19 वर्षीय भतीजी गत 25 नवंबर को बगैर कुछ बताए घर से कहीं चली गई। जिसकी काफी तलाश करने पर पता चला कि उसे गांव अलावलपुर निवासी राहुल उर्फ मेघराज शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया है। ब्यूरो
ताला तोड़ स्कूल से लाखों का सामान चोरी
पलवल। शहर थाना इलाका स्थित देव नगर में बने स्कूल के शटर का ताला तोड़कर चोर नकदी सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए। पुलिस ने स्कूल संचालक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी प्रेमचंद के अनुसार कृष्णा कॉलोनी निवासी योगेंद्र ने शिकायत दर्ज कराई है कि देव नगर में उसका किडजी प्री स्कूल है। वह प्रतिदिन की तरह 26 नवंबर की शाम को स्कूल बंद कर घर चले गए थे। जब अगले दिन स्कूल पर आए तो देखा कि शटर का ताला टूटा हुआ है और अंदर कमरे से चार एलईडी, दो लैपटॉप, एक टैब, एक प्रिंटर, दो बैटरी, एक इन्वर्टर, दो सीसीटीवी कैमरों के डीवीआर व 68 हजार 500 रुपये गायब थे।
रोडवेज बस चालक से मारपीट, मामला दर्ज
पलवल। डिपो पर हरियाणा रोडवेज की बस को रुकवाने के लिए युवकों द्वारा चालक के साथ मारपीट करने का मामला प्रकाश में आया है। सदर थाना पुलिस ने पीड़ित चालक की शिकायत पर दो नामजद युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी मनोज कुमार के अनुसार गांव घासैड़ा निवासी विजयपाल ने पुलिस में दी शिकायत में बताया है कि वह हरियाणा रोडवेज की बस का चालक है। गत 17 नवंबर को विजयपाल पलवल से बस में सवारियां लेकर हसनपुर जा रहा था। जैसे ही वह गांव दिघौट के पास पहुंचा तो दो युवकों ने बस को रुकवाने का प्रयास किया। जिस पर उसने ब्रेक लगाते हुए बस को युवकों से थोड़ा आगे रोका। इसी बात पर दोनों युवकों ने उसके साथ मारपीट की। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर गांव दिघोट निवासी प्रमोद व उसके साथी पवन के खिलाफ मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज कर लिया है।