डीडीपीओ को जनता दल युनाइटेड ने सौंपा ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। जनता दल(यूनाइटेड) हरियाणा के तत्वावधान में शुक्रवार को जिला पंचायत विकास अधिकारी डॉ. एसी कौशिक को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन प्रदेश महासचिव जेएन मंडल के नेतृत्व में सौंपा गया। ज्ञापन में मांग की गई कि प्रदेश में शराब की अवैध बिक्री पर अंकुश न होने के कारण मिलावटी और जहरीली शराब का धंधा जोरों पर चल रहा है, जिससे प्रदेश के काफी लोग अपनी जान गवां चुके हैं। काफी लोग भयानक रोगों से भी पीड़ित हो गए हैं। ज्ञापन में शराब की अवैध बिक्री, समय-समय पर शराब के सैंपल लेकर जांच करने तथा दिन के समय में ही शराब बेचने की मांग की गई। ज्ञापन सौंपने वालों में बलबीर सिंह और अजीत तंवर भी शामिल रहे।
बड़ौली में कुश्ती दंगल कल
पलवल। बैसलात के गांव बडौली में 26 अगस्त रविवार को रक्षा बंधन के अवसर पर विशाल दंगल का आयोजन किया जाएगा। दंगल ग्राम पंचायत बडौली के संयोजन में आयोजित होगा। यह जानकारी देते हुए पूर्व सरपंच ज्ञानी ने बताया कि दंगल में सबसे बड़ी कुश्ती 51 हजार रुपये की होेगी। दंगल में विभिन्न राज्योें के पहलवान हिस्सा लेंगे। दंगल की तैयारियों में गिर्राज पहलवान, हंसी पहलवान, इंदर खलीपा, नन्नू बैंसला, हरवीर बैंसला, सुभाष, अनंगपाल बैंसला, हट्टी चेयरमैन व बबली जुटे हुए हैं।
पेंशन बहाली संघर्ष समिति की बैठक हुई
पलवल। पेंशन बहाली संघर्ष समिति की बैठक शुक्रवार को न्यू कालोनी स्थित श्रद्धानंद पार्क में संपन्न हुई। अध्यक्षता जिले सिंह भड़ाना ने की, जबकि संचालन जोगेंद्र ने किया। बैठक में सात अक्टूबर को करनाल में आयोजित होने वाली पुरानी पेंशन अधिकार रैली को लेकर रणनीति तैयार की गई। बैठक में प्रदेश कमेटी से आए सुखदेव श्योकंद, सुशील शर्मा और ऋषि देव ने अपने भाषण में कहा कि सांसद एक दिन सांसद रहने पर भी पूरी जिंदगी पेंशन पाने का अधिकारी पा लेता है, जबकि जो कर्मचारी अपने जीवन 30-35 साल नौकरी के बाद भी पेंशन नहीं मिल पाती, जिससे कर्मचारियों में काफी रोष है। कर्मचारियों ने नई पेंशन नीति को समाप्त कर पुरानी पेंशन नीति लागू करने की मांग की। बैठक में मनफूल डागर को जिला प्रधान और छोटेलाल को सचिव नियुक्त किया गया। इस अवसर पर रमेश चंद, भारत भूषण, कमल, सुबेद जाखड़, महेंद्र जेई, मेघश्याम और पवन मुख्य रूप से मौजूद रहे।