कार से शराब बरामद, चालक को किया काबू
पलवल। अपराध जांच शाखा पुलिस ने आगरा चौक के निकट एक कार से भारी मात्रा में शराब बरामद की है। पुलिस ने कार चालक को काबू कर मामला दर्ज किया है। जांच अधिकारी शहीद अहमद ने बताया कि उन्हें गश्त के दौरान एक सफेद रंग की कार में अवैध शराब होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही टीम ने आगरा चौक पर नाकाबंदी शुरू कर दी। इसके बाद कार आती दिखाई दी जिसे रुकने का इशारा किया गया तो चालक कार को वापस मोड़ कर भागने लगा। पुलिस ने उक्त कार व चालक को काबू किया और कार की तलाशी लेने पर उसमें से 241 बोतल देशी शराब बरामद हुई। आरोपी की पहचान गांव फुलवाड़ी निवासी राकेश के तौर पर हुई है। पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
युवक का अपहरण कर मारपीट की
पलवल। एक युवक का आधा दर्जन युवकों द्वारा अपहरण कर उसके साथ मारपीट करने, लूटपाट करने व जान से मारने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। कैंप थाना पुलिस ने युवक के पिता की शिकायत पर तीन नामजद व दो-तीन अन्य युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी कृष्णलाल के अनुसार पलवल की आदर्श कालोनी सल्लागढ़ निवासी रुपचंद ने पुलिस को शिकायत दी है कि उसका पुत्र मोहन घर से किसी काम से निकला था। उसी समय इस्लामाबाद निवासी दिवेश, नीतेश, राहुल व उनके दो-तीन अन्य साथी मोहन का अपहरण कर उसे लाइनपार अपने घर ले गए। जहां पर मोहन को बांधकर उसके साथ लाठी-डंडा व सरिया से मारपीट की और उससे मोबाइल फोन, सोने की चैन व 32 हजार रुपये भी लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने मोहन को जान से मारने की धमकी देकर छोड़ दिया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।