खाते से आठ हजार की नकदी पार की
पलवल। एक युवक के बचत खाते से एटीएम द्वारा दो बार में नकदी निकालने का मामला सामने आया है। कैंप थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि पलवल के गांव घुघेरा निवासी गोविंदराम का आगरा चौक स्थित एसबीआई बैंक की शाखा में उसका बचत खाता है। पीड़ित किसी काम से फरीदाबाद जा रहा था। तभी उसके फोन पर दो मैसेज आए कि उसके खाते से एटीएम द्वारा चार-चार हजार रुपये निकाल लिए गए हैं। मिनी स्टेटमेंट निकालने पर पता चला कि रसूलपुर रोड स्थित एटीएम से नकदी निकाली गई है। पीड़ित का कहना है कि एटीएम उसी के पास है और उसने गुप्त कोड भी किसी को नहीं बताया था। इसके बाद भी उसके खाते से नकदी निकाली गई है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।