एक करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का शिलान्यास
- मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव दीपक मंगला का लोगों ने किया जोरदार स्वागत
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। मुख्यमंत्री के राजनैतिक सचिव दीपक मंगला ने शनिवार को लगभग एक करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इस अवसर पर जिले में कई जगह कार्यक्रम आयोजित किये गए जहां मौजूद सैकड़ों लोगों ने मंगला का फूल मालाओं से जोरदार स्वागत किया।
दीपक मंगला ने लगभग 35 लाख रुपये की लागत से बनने वाले अम्बिनो बैंक्वेट हॉल से ओमैक्स की पुलिया तक के रास्ते का शिलान्यास किया। इससे पहले इस रास्ते पर दुपहिया वाहन का निकलना भी दूभर हो जाता था। इस रस्ते के निर्माण से लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी। इस अवसर पर सैकड़ों लोगों ने इस रास्ते के बनने पर ख़ुशी जाहिर की है। दीपक मंगला ने बॉस मोहल्ला में करीब 10 लाख रुपये की लागत बनने वाली जोगी चौपाल, गाव मेघपुर में लगभग 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाली एस सी चौपाल का शिलान्यास भी किया। साथ ही उन्होंने करीब 50 लाख रुपये की लागत से सैनी धर्मशाला रोड से अहेरिया चौपाल तक पोल लाइट के कार्य का शिलान्यास भी किया। इस अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए दीपक मंगला ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा बिना भेदभाव के विकास कार्य करवाने में लगी है उन्होंने कहा बिना किसी भेदभाव के पूरी पारदर्शिता के साथ ग्रुप डी के पदों पर भर्ती की गई। उन्होंने कहा आने वाले दिनों में प्रदेश के विकास के साथ-साथ पलवल का बदलता स्वरूप नजर आएगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में जिला में बिना किसी भेद भाव के चहुंओर विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने केन्द्र सरकार द्वारा बजट की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में सरकार द्वारा पेश किए गए बजट में किसानों, मजदूरों, कर्मचारियों, व्यापारियों समेत सभी वर्गों का ख्याल रखा गया है। इस अवसर पर नगर परिषद की चेयरपर्सन इंदु भारद्वाज मौजूद रही।