19 मरीजों ने कोरोना को दी मात
पलवल। जिले में मंगलवार को 21 नए संक्रमित मिलने के साथ ही कोरोना पीड़ितों की संख्या 848 हो गई है। जबकि, 19 मरीज ठीक होकर अपने घर चले गए। पलवल में 673 मरीज कोरोना को मात दे चुके हैं। वहीं, 169 मरीज उपचाराधीन हैं। जिला सिविल सर्जन डॉ. ब्रह्मदीप सिंह ने बताया कि कोरोना से जिले में अब तक 9 मौतें हो चुकी हैं। जिले में सर्विलांस पर 15670 लोग आ चुके हैं। इनमें से 9124 लोगों की 28 दिन की सर्विलांस अवधि पूर्ण हो चुकी है और 6546 लोग अभी भी सर्विलांस पर हैं। जिले में 373 लोगों की सैंपल रिपोर्ट का इंतजार है। पलवल में 15663 सैंपल में से 14448 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। सिविल सर्जन ने बताया कि ठीक होने वाले मरीजों का रिकवरी रेट 85 फीसदी पहुंच गया है।
उन्होंने बताया कि कंटनेमेंट जोन में मंगलवार को करीब 200 से अधिक घरों में आशा वर्कर और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने स्क्रीनिंग की। स्वास्थ्य कर्मी भी जांच करने में जुटे हैं। होम आइसोलेशन में रहने वाले लोगों को भी कोविड उपचार के संबंध में जागरूक किया जा रहा है। नागरिक अस्पताल में दुकानदारों, गर्भवती महिलाओं और आपातकालीन में आने वाली सभी मरीजों की जांच की जा रही है। लोगों की काउंसलिंग भी जारी है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि आस-पास कोरोना का संदिग्ध मरीज दिखने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर- 1950, 100, 108, 7027840481, 01275-240022 पर सूचित करें। कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए सामाजिक दूरी का पालन करने, मास्क अनिवार्य रूप से पहनने का आह्वान किया।