पलवल। गांव बसंतगढ़ स्थित एक मकान में सोमवार की देर रात कुछ चोरों ने एक लाख 80 हजार रुपये की नकदी पार कर दी। पीड़ित परिजनों ने बताया कि चोर जब घर का दरवाजा नहीं खोल पाए जो उन्होंने उसे जला दिय साथ घर के अंदर की अलमारियों के ताले तोड़ दिए। चांदहट थाना पुलिस ने छह नामजद चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जांच अधिकारी खेमचंद के अनुसार गांव बसंतगढ़ निवासी नरेश ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी गांव में परचून की दुकान है। गत 26 अगस्त को पीड़ित अपनी पत्नी को लेकर असम गया हुआ था। गत एक सितंबर को जब वापस अपने घर आया तो घर के बाहर का दरवाजा जला हुआ मिला तथा अंदर जाकर देखा तो अलमारियों के ताले टुटे हुए थे और एक लाख 80 हजार रुपये की नकदी गायब थी। उसने शक जाहिर किया है कि उसके घर में चोरी की वारदात को अंजाम गांव निवासी राजकुमार, अजय, बेबी, संदीप, अरुण व मोहन उर्फ चुल्लन ने दिया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।