फुलवाड़ी में किसान गोष्ठी
पलवल। कृषि विभाग के तत्वावधान में गांव फुलवाड़ी में ग्राम पंचायत और युवा सेवा समिति के सहयोग से किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी की अध्यक्षता सरपंच सुंदर सिंह और संचालन धर्मवीर सिंह ने किया। इस अवसर पर कृषि विशेषज्ञ डॉ. महावीर सिंह मलिक ने कहा है कि वर्षा ऋतु में अनाज में विभिन्न प्रकार के कीट काफी नुकसान पहुंचाते हैं। इसलिए भंडारित अनाज की देखभाल बेहद जरूरी है। किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि धान फसल में नाइट्रोजन की शेष मात्रा को रोपाई के तीन और छह हफ्ते में डाल दें तथा कपास में यदि बिजाई के समय पोटाश खाद नहीं डाली हो तो फूल व टिंडे बनते समय एक किलो घुलनशील पोटाश उर्वरक 0-0-50 तथा दो किलो यूरिया प्रति 100 लीटर पानी की दर से छिड़काव कर दें। इस मौके पर ओमप्रकाश, अनुज कुमार, श्योराज, सुनील, रवि कुमार, स्वामी प्रताप, जगदीश, सुखवीर पंच, ओमवीर, सतपाल, देवेंद्र, नानक, अमित पोसवाल, रामवीर, रामहेत, विकास मुख्य रूप से मौजूद रहे।