पॉलिथीन मिलने पर पांच दुकानदारों का चालान
- होडल में नगर परिषद और प्रशासन ने पॉलिथीन के खिलाफ अभियान चलाया
अमर उजाला ब्यूरो
होडल। जिला उपायुक्त द्वारा जिले को पॉलिथीन मुक्त बनाने के लिए शुरू किए गए अभियान को सार्थक बनाने के लिए बृहस्पतिवार को होडल में दुकानदारों के यहां छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान पांच दुकानों पर पॉलिथीन मिलने पर उनके चालान किए गए। प्रशासन और नगर परिषद द्वारा पॉलिथीन के खिलाफ की गई कार्रवाई को देख दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
यह अभियान एसडीएम वकील अहमद, नगर परिषद के कार्यकारी अभियंता मनिंदर सिंह और सफाई निरीक्षक राजेश कुमार ने संयुक्त रूप से चलाया। टीम ने शहर के पुन्हाना मोड़, पुरानी सब्जी मंडी ,बस अड्डा, स्थित दुकानों में जांच अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर पॉलिथीन के स्टॉक मिले। कार्यकारी अभियंता ने बताया कि पॉलिथीन का इस्तेमाल करना गलत है। जिला प्रशासन ने इस पर प्रतिबंध लगाया है, लेकिन इसके बावजूद कुछ दुकानदार इसका धड़ल्ले से इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि छापेमारी में यह सामने आया है कि कई दुकानदार ने पॉलिथीन से गोदामों में भर रखा है। उन्होंने बताया कि यह अभियान प्रतिदिन जारी रहेगा। वहीं एसडीएम वकील अहमद ने बताया कि पॉलिथीन के इस्तेमाल पर सरकार ने प्रतिबंध लगा रखा है। अवैध रूप से दुकानों पर बिक रहे पॉलिथीन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने चार टीमों का गठन किया है। जो बाजारों में निरीक्षण कर दुकानदारों के चालान करेंगी।
पॉलिथीन