पलवल। शिक्षा विभाग द्वारा मोरनी हिल की वादियों में आयोजित सात दिवसीय राज्य स्तरीय एडवेंचर कैंप में हिस्सा लेने के लिए 20 विद्यार्थियों का दल शनिवार को रवाना हो गया। जिला शिक्षा अधिकारी अशोक बघेल ने झंडी दिखाकर इन्हें रवाना किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित एडवेंचर कैंप विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास में सहायक है।
जिला संगठन आयुक्त योगेश सौरोत ने बताया डीओसी गाइड विरजन रानी के मार्गदर्शन में 12 मार्च तक पंचकूला मोरनी हिल में शिविर के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हसनपुर तथा राजकीय उच्च विद्यालय करमन के 20 छात्र छात्राओं का दल गया है। इस दल को टीम लीडर अयोध्या प्रसाद, लक्ष्मी देवी तथा शशि बाला के नेतृत्व में रवाना किया गया है।
कैंप के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ विद्यार्थियों के मानसिक तथा शारीरिक विकास के लिए रॉक क्लाइंबिंग, रिवर क्रॉसिंग, माउंटिंग, तीरंदाजी, शूटिंग, रस्सियों से बने पुलों को पार करना आदि साहसिक गतिविधियों व प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। कैंप का संचालन शिक्षा विभाग के प्रोग्राम ऑफिसर राम कुमार द्वारा किया जाएगा।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी होडल यशपाल गर्ग, हसनपुर मामराज रावत, प्रधानाचार्य अमर सिंह, मुख्याध्यापक हरीश चंद, स्काउट मास्टर रविंद्र कुमार, जिला संयोजक विष्णु गौड़ भी मौजूद थे।