ट्रेन रद्द होने पर यात्रियों ने किया रेलवे ट्रैक जाम
- दो माह के लिए की गई है दिल्ली- आगरा इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन रद्द
- जाम से कई ट्रेनें हुईं प्रभावित, कई घंटे तक यात्री रहे परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
होडल। रेलवे द्वारा दिल्ली-आगरा इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन रद्द करने पर शुक्रवार को यात्रियों का गुस्सा फूट गया। सुबह आठ बजे ही यात्रियों ने रेलवे ट्रैक को जाम कर दिया। जाम के कारण करीब तीन घंटे तक ट्रेनें प्रभावित रहीं। रेलवे और पुलिस अधिकारियों के समझाने के बाद यात्रियों का गुस्सा शांत हो सका। इसके बाद यात्रियों को ट्रैक से हटाया।
रेलवे विभाग ने दो दिन पहले सूचना जारी की थी कि दिल्ली-आगरा इंटरसिटी एक्सप्रेस को दो माह के लिए कोहरे के कारण रद्द कर दिया गया है। इस संबंध में दो दिन से यात्री रेल प्रशासन से चलाने की मांग कर रहे थे। विभाग द्वारा सुनवाई न होने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को रेलवे प्रशासन के फैसले से गुस्साए दैनिक यात्री स्टेशन पर पहुंच गए और उन्होंने ट्रैक को जाम कर दिया। इस मौके पर यात्रियों ने रेलवे अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। स्थानीय रेल अधिकारियों ने गुस्साए लोगों को शांत कराने का प्रयास किया, परंतु वे नहीं माने ट्रैक की जानकारी रेलवे प्रशासन ने कंट्रोल रूम के माध्यम से उच्च अधिकारियों व अन्य स्टेशनों पर भी दे दी। इसके बाद दिल्ली-मुंबई मार्ग पर चलने वाली सभी एक्सप्रेस ट्रेनों केे पीछे के स्टेशनों पर रोक दी गईं। रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों को रोकने जाने की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस व डीएसपी विवेक चौधरी, तहसीलदार गुरुदेव सिंह, थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह भी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने यात्रियों को समझाया लेकिन वह अपनी मांगों पर अड़े रहे। यात्रियों ने गीता जयंती पर महाकौशल, बोम्बे जनता व छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस को भी होडल स्टेशन पर रुकने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने इंटरसिटी एक्सप्रेस को बहाल कराने की मांग की। पलवल तक आने वाले ईएमयू को भी विस्तार कर होडल तक चलाने की मांग की गई है। बाद में एसडीएम गजेंद्र सिंह ,डीएसपी हेडक्वार्टर रमेश चंद्र, डीएसपी विजयपाल, फरीदाबाद रेलवे डीएसपी महेंद्र वर्मा व जिले के सभी थाना प्रभारियों व भारी पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंच गए। करीब तीन घंटे के बाद स्टेशन निदेशक वीएम सिंह, रेलवे ट्रैफिक इंचार्ज मंगल सिंह मौके पर पहुंच गए और दैनिक यात्रियों से बातचीत की। स्थानीय रेलवे अधिकारियों ने वरिष्ठ अधिकारियों से बात कर गीतांजलि एक्सप्रेस की मांग को मान कर 15 दिसंबर से ठहराव करने का आश्वासन दिया। इसके अलावा इंटरसिटी एक्सप्रेस का एक जनवरी और बॉम्बे जनता एक्सप्रेस ट्रेन के ठहराव का आश्वासन दिया। उसके बाद दैनिक यात्रियों ने जाम खोला।
काफी समय से कर रहे थे दैनिक यात्री ट्रेन ठहराव की मांग ।
रेलवे दैनिक यात्रियों द्वारा ट्रेन ठहराव की मांग नई नहीं है । पिछले साढ़े चार साल से यात्री स्थानीय सांसद और केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर व रेल मंत्री से कर चुके हैं। यात्री संघ के तत्वावधान में कई बार रेलवे के अधिकारियों को भी इस संदर्भ में ज्ञापन दिए जा चुके हैं। हाल ही में 30 सितंबर को होडल में हुई मुख्यमंत्री मनोहरलाल की जनसभा में भी दैनिक यात्री संघ द्वारा इस मांग को उठाया गया था।
होडल के अलावा पुन्हाना, फिरोजपुर तक के लोग करते हैं सफर
होडल रेलवे स्टेशन से चलने वाली ट्रेनों में होडल, हसनपुर के क्षेत्रों के अलावा पुन्हाना व फिरोजपुर तक के लोग यहां से ट्रेनों में जाते हैं। यहां से चलने वाली ट्रेनों में सफर कर वे पलवल, फरीदाबाद, दिल्ली तक जाते हैं तथा वहां से लंबी दूरी के ट्रेनों में सफर करते हैं।