सिलिंडर से वार कर पत्नी को मौत के घाट उतारा
-पुलिस ने किया पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
होडल। यहां कृष्णा कालोनी में एक युवक ने अपनी पत्नी की रसोई गैस सिलिंडर से सिर कुचलकर हत्या कर दी। पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई तथा शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मृतक महिला के पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
पलवल की आदर्श कालोनी निवासी ठंडीराम की पुत्री पूजा की शादी दो साल पहले होडल की कृष्णा कालोनी निवासी दीपक पुत्र जगदीश के साथ हुई थी। दोनों को एक पांच माह का बेटा है। शनिवार की रात को दोनों पति-पत्नी में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। रात को किसी तरह से दोनों शांत हो गए, लेकिन सुबह फिर से झगड़ा शुरू हो गया। झगड़े के दौरान दीपक ने रसोई गैस का सिलिंडर निकालकर अपनी पत्नी पूजा के सिर पर वार करना शुरू कर दिया। दीपक ने रसोई गैस सिलिंडर से पत्नी पूजा के सिर पर कई वार किए, जिससे उसका सिर फट गया तथा मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पूजा की हत्या करने के बाद दीपक मौके से फरार हो गया। इस बात की सूचना मृतक पूजा के परिजनों को दे दी गई । सूचना मिलते ही परिजन तुरंत ही होडल बेटी की ससुराल पहुंच गए तथा पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई तथा पहले शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक पूजा के पिता ठंडी राम के बयान पर आरोपी दीपक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस में दर्ज कराई रिपोर्ट में ठंडी राम ने कहा है कि उसकी बेटी केंद्रीय माध्यमिक विद्यालय कारना में कंप्यूटर शिक्षिका लगी हुई है। ड्यूटी जाने को लेकर ही दोनों में झगड़ा हुआ था तथा उसी बात पर उसकी हत्या कर दी गई।