मोटरसाइकिल सवारों ने युवक को मारी गोली
होडल। शनिवार की शाम करीब छह बजे गौड़ोता रेलवे फाटक पार कालोनी में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने एक युवक को गोली मार दी। गोली लगने से घायल युवक को उपचार के लिए पास ही के निजी किशन सिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गोली चलने की सूचना मिलते ही डीएसपी मौजीराम, थाना प्रभारी कर्मवीर खटाना पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंच गए। घायल की हालत में फिलहाल सुधार बताया जा रहा है।
गौड़ोता रोड पर रेलवे फाटक पार बसी कालोनी में शनिवार की शाम करीब छह बजे युवक राहुल पुत्र राम खिलाड़ी घर के पास घूम रहा था। तभी वहां कालोनी के ही राहुल पुत्र घंसी व राजू पुत्र डिगंबर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए तथा आते ही देशी पिस्तौल से गोलियां चलानी शुरू कर दी। इस गोलीबारी में एक गोली तो राहुल के हाथ में लगी तथा कुछ छर्रे उसकी सीने में जा लगे। गोलियों की आवाज सुनते ही वहां आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई। आरोपी युवक गोलियां चलाते हुए मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए। गोलियां लगते ही राहुल खून से लथपथ हालत में जमीन पर गिर पड़ा। यह देख उसके परिजन व आसपास के लोग उसे उठाकर तुरंत ही निजी किशन सिंह अस्पताल में ले गए।
लोगों ने इस घटना की सूचना पुलिस को भी दे दी। सूचना मिलते ही डीएसपी मौजीराम पहले कालोनी में पहुंचे तथा वहां मौका देखने के बाद अस्पताल में पहुंच गए। अस्पताल में पुलिस द्वारा घायल के बयान लिए गए हैं। घायल राहुल ने पुलिस को बताया कि 15 अगस्त को रास्ते से ट्रैक्टर ले जाने के ऊपर उनकी आपस में कहासुनी हो गई थी। जिसे लोगों ने शांत करा दिया था। उसी रंजिश को लेकर उसके ऊपर गोलियां चलाकर उसे जान से मारने का प्रयास किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की खोजबीन शुरू कर दी है। डीएसपी मौजीराम का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया जाएगा।