झगड़े की सूचना पर पहुंचे दो पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट, मुकदमा दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। सदर थाना अंतर्गत गांव औरंगाबाद में दो पुलिस कर्मियों के साथ एक युवक द्वारा मारपीट कर वर्दी फाड़ने और जान से मारने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। दोनों पुलिसकर्मी झगड़े की सूचना मिलने पर गांव औरंगाबाद पहुंचे थे। पुलिस ने पुलिसकर्मी नरेंद्र की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
सदर थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात को थाने की पीसीआर नंबर चार गश्त पर थी। इसी दौरान कंट्रोल रूम से सूचना आई की गांव औरंगाबाद में गजराज पुत्र बृजभान शराब पीकर परिवार के लोगों से झगड़ा कर रहा है। सूचना के आधार पर पीसीआर नंबर- चार पर तैनात एचसी नरेंद्र व सिपाही शकील गांव औरंगाबाद गजराज के घर पहुंचे। जहां गजराज ने पुलिसकर्मियों को देखते ही गालियां देनी शुरू कर दी और एचसी नरेंद्र व सिपाही शकील के साथ मारपीट शुरू कर दी। जब उन्होंने इसका विरोध किया। तो आरोपी ने एचसी नरेंद्र की वर्दी फाड़ दी और उसे गोली से उड़ाने की धमकी भी दी। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और आरोपी गजराज को हिरासत में ले लिया।