गला रेतकर युवक का शव रेल फाटक के पास फेंका
पुलिस ने किया मामला दर्ज, मृतक की अभी तक नहीं हुई शिनाख्त
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। अलावलपुर रेलवे ओवर ब्रिज व जनौली रेल फाटक के बीच बुधवार को पुलिस ने एक युवक का शव बरामद किया है। युवक के गले पर तेजधार वाले हथियार से किए गए हमले के निशान मिले हैं। शव के आसपास पास युवक का खून बिखरा हुआ था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया तथा अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में पुलिस द्वारा जांच के लिए एसएफल की टीम भी बुलवाई गई है।
कैंप थाना पुलिस को सूचना मिली कि अलावलपुर रेल ओवर ब्रिज और जनौली रेल फाटक के बीच खून से लथपथ युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी पोप सिंह मौके पर पहुंच गए। वहां जाकर देखा कि एक युवक का शव पड़ा हुआ है। जांच करने पर पता चला कि उसके गले में तेजधार हथियार से मारी गई चोट के निशान थे। पुलिस के अनुसार मृतक ने लाल रंग की जर्सी, हरे रंग की लाइनदार शर्ट, स्लेटी रंग की पैंट, नीले रंग का अंडरवियर और पैरो में हवाई चप्पल पहना हुआ है। युवक के शव मिलने की सूचना पर वहां काफी लोग एकत्रित भी हो गए थे। पुलिस ने आसपास के लोगों को भी शव की शिनाख्त के लिए बोल दिया है।
ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत
पलवल। रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से 54 वर्षीय महिला की मौत हो गई। जीआरपी पुलिस ने मृतका के पति की शिकायत पर धारा-174 की कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। जांच अधिकारी के अनुसार झांसी निवासी उधम सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह और उसकी पत्नी किशोरी शमशाबाद में किराए के मकान में रहते थे। मकान मालिक ने कमरे को खाली करने के लिए कहा था। पीड़ित व उसकी पत्नी गत 13 नवंबर को सल्लागढ़ में कमरा देखने जा रहे थे। जब वह किठवाडी रेलवे ओवरब्रिज से रूंधी की तरफ रेलवे लाइन को पार कर रहे थे तो उसी समय पीड़ित की पत्नी किशोरी ट्रेन की चपेट में आ गई। ब्यूरो
विधवा के साथ दुष्कर्म, मामला दर्ज
पलवल। जिले के एक गांव से विधवा महिला के साथ देवर द्वारा दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर उसके ससुर व देवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। महिला थाना प्रभारी कमला देवी के अनुसार एक पीड़ित महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि उसके पति की मौत हो चुकी है और उसका देवर उससे जबरन निकाह करना चाहता है। इस कारण पीड़िता का ससुर उसके साथ अक्सर मारपीट करता रहता है। गत 11 नवंबर को पीड़िता अपने घर में सोई हुई थी। उसी समय देवर जबरन घर में घुस आया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने जब इसका विरोध किया तो उसके देवर व ससुर ने उससे मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। ब्यूरो