सी-विजिल एप पर आने वाली शिकायत का 100 मिनट में समाधान होगा: उपायुक्त
पलवल। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मनीराम शर्मा ने बताया कि सी-विजिल एप का पहली बार लोकसभा आम चुनावों में प्रयोग किया जा रहा है। किसी भी व्यक्ति द्वारा इस एप पर शिकायत करने के 100 मिनट के भीतर संबंधित उड़नदस्ता टीम द्वारा अपेक्षित कार्रवाई करके शिकायत का समाधान होगा।
उपायुक्त ने बताया कि लोकसभा आम चुनाव-2019 में आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायतें करने के लिए निर्वाचन आयोग ने सी-विजिल एप लांच किया है। कोई भी व्यक्ति अपने मोबाइल पर गूगल प्ले स्टोर से सी विजिल एप इंस्टॉल कर सकता है जिसके माध्यम से वह आचार संहिता उल्लंघन की फोटो व वीडियो रिकॉर्ड करके एप पर अपलोड कर सकता है। एप पर शिकायत आते ही इसे संबंधित नोडल अधिकारी व आरओ द्वारा उस क्षेत्र की उड़नदस्ता टीम के पास रेफर किया जाएगा। टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए शिकायत अपलोड होने के 100 मिनट के भीतर मौके पर जाकर अपेक्षित कार्रवाई होगी। सी-विजिल एप पर मिलने वाली शिकायतों का निपटारा 100 मिनट की समयावधि में संबंधित अधिकारियों द्वारा किया जाएगा।