जैंदापुर में सरसों के खेत से नवजात बच्ची का शव बरामद
पलवल। गांव जैंदापुर में सरसों के खेत से थैले में लिपटी नवजात बच्ची मिली। सूचना पर पुलिस उसे अस्पताल लेकर गई जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बच्ची के बारे में जानकारी देने वाले की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया। सदर थाना पुलिस को जैंदापुर गांव निवासी कृष्ण कुमार ने फोन पर सूचना दी थी कि सरसों के खेत में एक थैले में नवजात बच्ची पड़ी है। सूचना पर पुलिस के पहुंचने पर कृष्ण कुमार ने बताया कि शौच के लिए जब वह खेतों में बैठा तो उसने सफेद व संतरी रंग का थैला देखा। जिसे देख वह थैले के पास गया और उसे खोला तो उसमें एक नवजात बच्ची थी। बताया जा रहा है कि मृत पाई गई यह बच्ची मात्र तीन दिन की थी।