वाहन लूट की साजिश रचते दो बदमाश गिरफ्तार
होडल। पुलिस की अपराध जांच शाखा टीम ने होडल पुन्हाना सड़क मार्ग पर पत्थर डालकर वाहन लूट की साजिश रचते दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। टीम ने आरोपियों के पास से कट्टा, कारतूस, लोहे की रॉड और एक होंडा सिटी गाड़ी बरामद की है। पुलिस द्वारा बरामद की गई गाड़ी की नंबर प्लेट फर्जी बताई गई है। पकड़े गए आरोपियों के नाम खालिद और नासिर निवासी गांव हाजीपुर गोहता जिला नूंह बताया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।
डीएसपी विवेक चौधरी ने बताया कि मुखबिर ने सूचना दी कि दो युवक होडल पुन्हाना रोड पर आने जाने वाले वाहनों व राहगीरों को लूटने के फिराक में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही अपराध जांच शाखा टीम पुन्हाना रोड स्थित चावल मिल के बताए गए स्थान पर पहुंच गई। उन्होंने बताया कि पत्थर तथा सड़कके बाएं तरफ एक कार खड़ी हुई थी। गाड़ी चालक ने जैसे ही सरकारी गाड़ी की स्पीड कम की तो एक बदमाश ने हथियार के बल पर गाड़ी को रुकवाने का इशारा किया तो दूसरे ने कनपटी पर अवैध हथियार लगा दिया। इसी बीच चालक ने गाड़ी की अंदर की लाइट जला दी। गाड़ी में पुलिस को देखते ही बदमाश भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने थोड़े प्रयास के बाद बदमाशों को मौके पर ही धर दबोचा। ब्यूरो