सरिया से भरे ट्रक लूट का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने किया आरोपी के घर से 5 टन सरिया बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
होडल। राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित गांव तूमसरा के पास बदमाशों द्वारा 4 अक्तूबर को लूटे गए सरिया से भरे ट्रक के मामले में सीआईए पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के घर से 5 टन सरिया भी बरामद किया गया है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
सीआईए प्रभारी उमर मोहम्मद ने बताया कि चार पहिया वाहन में सवार लगभग आधा दर्जन बदमाशों ने पिछले गुरुवार को गांव तूमसरा के पास सरिया से भरे ट्रक को हथियार के बल पर लूट लिया था और चालक को बंधक बनाकर कोसीकलॉ यूपी के पास जंगलों में छोड़कर फरार हो गए थे। पलवल पुलिस ने चालक गांव रिठौरी कटरा आगरा निवासी सोमबीर के बयान पर लूट का मामला दर्ज किया था। प्रभारी ने बताया कि ट्रक में 31 टन सरिया भरा हुआ था जिसकी कीमत लगभग 17 लाख थी। ट्रक चालक सरिया को आगरा से भरकर दिल्ली लेकर जा रहा था। उन्होंने बताया कि पुलिस ने उस लूटे गए सरिया में से लगभग 11 टन सरिया गांव बहीन निवासी रणबीर से बरामद किया था। रणबीर ने बदमाशों से पांच लाख रुपये में यह सरिया खरीदा था। पूछताछ में रणबीर ने बताया था कि यह सरिया उसने गांव माहौली निवासी रामकिशोर व उसके अन्य साथियों से खरीदा था। जिस पर पुलिस ने गांव माहोली निवासी रामकिशोर को कोसी के पास से काबू किया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर कार्रवाई शुरू कर दी है।