सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता डेढ़ लाख छात्र लेंगे हिस्सा
पलवल। पुलिस विभाग द्वारा आयोजित की जाने वाली सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में प्रदेश भर के करीब 40 लाख छात्र हिस्सा लेंगे। वर्ष 2018-19 की सातवीं प्रतियोगिता में अकेले पलवल जिले से इसमें करीब डेढ़ लाख छात्रों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। वर्ष 2017 में इस प्रतियोगिता में पलवल जिले से एक लाख 44 हजार 934 छात्रों ने हिस्सा लिया था।
पुलिस कप्तान वसीम अकरम के अनुसार पुलिस विभाग युवा और किशोर वर्ग में यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूकता ला रहा है। ट्रैफिक पुुुुलिस द्वारा प्रतिदिन लोगों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के बारे में जागरूक किया जा रहा है। प्रतियोगिता भी यातायात नियमों की पालना और जागरूकता का ही एक हिस्सा है। एसपी वसीम ने कहा कि प्रतियोगिता में स्कूल और कॉलेज स्तर पर प्रथम चरण की परीक्षा के दौरान जिला के सभी प्राइवेट और सरकारी स्कूल-कालेज हिस्सा लेंगे। सभी स्कूल- कॉलेज से प्रत्येक लेवल में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले ब्लॉक लेवल पर आयोजित होने वाले अगली परीक्षा में हिस्सा लेंगे। परीक्षा के दौरान कक्षा तीसरी से पांचवीं, कक्षा छटी से आठवीं, कक्षा नौवीं से 12वीं के तीन अलग-अलग लेवल व कालेज स्तर के विद्यार्थियों का अलग से चौथे लेवल के आधार पर परीक्षा ली जाएंगी।