अलग-अलग स्थानों से पांच लोग अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। अपराध जांच शाखा पुलिस ने गश्त के दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्र से पांच लोगों को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार देशी कट्टा व छह जिंदा कारतूस किए हैं। जबकि दो आरोपियों के कब्जे से हथियार सहित चार चोरी की बाइक को भी बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अवैध हथियार लेकर घूमने वाले व रखने वालों के खिलाफ पलवल पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में सीआईए पुलिस ने गत एक ही दिन में अलग-अलग थाना क्षेत्र से पांच लोगों को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार किया गया है। सीआईए प्रभारी सुरेश भड़ाना ने बताया कि उनकी टीम जिनमें एएसआई अजीत, हैड कांस्टेबल राकेश व राजेश, सिपाही संदीप व नरेंद्र व एचसी ओमप्रकाश शामिल थे और आसपास इलाके में गश्त कर रहे थे। गश्त के दौरान टीम ने पुन्हाना के डल्ला बास मोड़ निवासी रिशाल व मोहम्मद को गांव बामनीखेड़ा के समीप काबू किया जिनके कब्जे से पुलिस को एक देशी कट्टा व एक जिंदा कारतुस बरामद हुआ तथा आरोपियों से गहन पुछताछ के बाद चार चोरी की बाइक को भी बरामद किया है। इसी प्रकार टीम ने गांव हथाना (कोसी) निवासी मोनू उर्फ इंद्रजीत व पवन को पंचवटी मंदिर के समीप से गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से दो देशी कट्टा व चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसी प्रकार पुलिस टीम ने पलवल के इस्लामाबाद निवासी आरीफ को बस स्टैंड चौक से गिरफ्तार किया गया जिसके कब्जे से एक देशी कट्टा व एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
टोल कर्मी से मारपीट में दो गिरफ्तार
पलवल। अपराध जांच शाखा पुलिस ने गांव तुमसरा स्थित टोल टैक्स पर टोल कर्मी के साथ लाठी डंडों से मारपीट करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच अधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि गांव फुलवाड़ी निवासी वीरेंद्र सिंह टोल टैक्स पर नौकरी करता है। गत 23 तारीख को वीरेंद्र और सुनील कुमार गांव दीघोट निवासी की टोल को लेकर कहासुनी हो गई। वीरेंद्र जब टोल से ड्यूटी पूरी करने के बाद अपने घर लौट रहा था। तो रास्ते में सुनील कुमार ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर वीरेंद्र के साथ लाठी डंडो से मारपीट की और उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस मामले में सुनील कुमार निवासी दीघोट और राजकुमार निवासी सिहोल को दिल्ली पहाड़गंज से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी बार में बाउंसर का काम करते है।