छठ पर्व की तैयारियां पूरी, आज देंगे डूबते सूरज को अर्घ्य
- जिला प्रशासन के अधिकारियों ने पूजा स्थल का दौरा कर दिए आवश्यक दिशा निर्देश
- विशेष परंपरागत ढंग से पूर्वांचल के लोगों द्वारा की जाती है पूजा-अर्चना
पलवल। ब्राह्मण धर्मशाला में पूर्वांचल जन कल्याण समिति की ओर से छठ मैया के पूजन लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वहीं सोमवार को खरना के साथ दो दिवसीय निर्जला व्रत शुरू हुआ। पर्व को विधि-विधान से मनाने के लिए बाजारों में सामान खरीदने के वालों की भीड़ दिखी। फलों, द्यौरी और अल्ता की खरीददारी की।
लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर ब्राह्मण धर्मशाला में बनाए गए कृत्रिम तालाब को सोमवार को पानी से भर दिया गया। इसी तालाब में छठ पर्व में अस्त व उदय होते सूर्य भगवान को व्रती अर्घ्य देंगे। आयोजक समिति की ओर से कार्यक्रम स्थल पर टेंट व बैनर लगाने का कार्य भी पूरा हो गया है। यहां पर आने वाले लोगों के लिए स्वागत द्वार भी बनवाए गए हैं। आयोजकों को उम्मीद है कि कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में पूर्वांचल व स्थानीय निवासी पहुंचेंगे। समिति द्वारा कार्यक्रम स्थल पर लगातार बैठके और कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए चर्चा हो चुकी है। समिति द्वारा सभी राजनीतिक दलों के नेताओं और प्रमुख पदाधिकारियों को आमंत्रित किया गया है। छठ पर्व में मंगलवार को व्रतधारी डूबते सूरज को अर्घ्य देकर तथा बुधवार को उगते सूरज को अर्घ्य देकर अपने व्रत को संपन्न करेंगे। छठ पूजा की तैयारियों को जिला उपायुक्त डॉ. मनीराम शर्मा व पुलिस अधीक्षक वसीम अकरम ने भी ब्राह्मण धर्मशाला का दौरा कर आवश्यक दिशानिर्देश दिए।
छठ पर्व मनाने वाले घरों में सोमवार को खरना में शाम को गुड़ या गन्ने के रस से खीर बनाई गई। इसको रोटी और पूड़ियों से व्रत रखने वालों ने प्रसाद स्वरूप ग्रहण किया। प्रसाद ग्रहण करने से पहले छठी माता का भोग भी लगाया गया। खरना व्रत के दौरान व्रतियों ने छठी माता से मनोकामना भी मांगी। खरना की पूजा में मिट्टी का दीपक, सरपोस व कढ़ाई का प्रयोग किया जाता है। खरना में चावल की खीर, पेठा बनाया गया। खरना को लोहंडा भी कहा जाता है। मंगलवार को अस्ताचल सूर्य को और बुधवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ पर्व संपन्न होगा। बुधवार की सुबह व्रत धारी उगते सूर्य को जल व फलफूल से अर्घ्य देकर व्रत को पूरा करेंगे।
पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम स्थल पर लिया सुविधाओं का जायजा
पूर्वांचल समिति के लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए जिला उपायुक्त मनीराम शर्मा और पुलिस अधीक्षक वसीम अकरम ने ब्राह्मण धर्मशाला का दौरा किया। पूजा के दौरान विशेष पुलिस बल को तैनात करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही पूजा स्थल पर साफ-सफाई के लिए नगर परिषद कर्मचारियों को आदेश दिए गए। छठ पर्व पर आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम को लेकर विशेष कलाकारों को आमंत्रित किया गया। मंगलवार पूरी रात कलाकार छठी मैया के गीतों का गुणगान करेंगे। कार्यक्रम को धूमधाम से संपन्न करने के लिए यूपी व बिहार से लोक गायकों को बुलाया गया है।