नागरिक अस्पताल में दवाइयां दे आप ने बताईं सरकार की कमियां
पलवल। जिला नागरिक अस्पताल में पिछले काफी समय से चल रहे दवाइयों के अभाव के कारण मरीजों को हो रही परेशानियों देखते हुए सोमवार को आम आदमी पार्टी द्वारा अस्पताल प्रबंधन को दवाइयां भेंट कर सरकार की कमियां बताई गईं। आप नेताओं ने जिला सिविल सर्जन को आप की तरफ से दवाइयां देकर सरकार व स्वास्थ्य विभाग तक इस संदेश को पहुंचाने को कहा गया। इस अवसर पर आप नेताओं ने वहां उपस्थित एक उप सिविल सर्जन द्वारा की गई टिप्पणी पर नाराजगी जताई।
जिला नागरिक अस्पताल में पिछले कई महीनों से दवाइयों की कमी चली आ रही है। अस्पताल में आने वाले मरीजों को सामान्य बीमारियों जैसे खांसी, जुकाम व बुखार की दवाइयां भी नहीं मिल रही हैं। अस्पताल के डाक्टर मरीजों को बाहर से दवाइयां लाने को कहते हैं। जिस कारण मरीजों को मजबूरी में बाहर मेडिकल स्टोर से दवाइयां लेनी पड़ रही हैं।
इस दौरान सोमवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता अस्पताल में पहुुंच गए तथा वहां जिला सिविल सर्जन डा. प्रदीप शर्मा को कुछ दवाइयां भेंट कीं तथा कहा कि इस बात का संदेश स्वास्थ्य विभाग तक पहुंचाया जाए, ताकि दवाइयां उपलब्ध कराई जा सकें। आप नेताओं ने कहा कि सरकार द्वारा अस्पताल में जल्द दवाइयों की कमियों को पूरा नहीं किया गया तो वे सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन करेंगे। इस दौरान वहां उपस्थित उप सिविल सर्जन डा. संजय शर्मा द्वारा आप नेताओं पर ट्रक भरकर दवाइयां लाने की टिप्पणी पर आप नेताओं ने नाराजगी जताई।
सीएमओ डा. प्रदीप शर्मा ने बताया कि अस्पताल प्रबंधन को दवाईयां खत्म होने की जानकारी दी हुई है। उच्च अधिकारियों तक इसकी जानकारी दी गई है। जल्द ही दवाइयां उपलब्ध हो जाएंगी।
इस मौके पर जिला संयोजक कुलदीप कौशिक, धर्मेंद्र, रनधीर सिंह चौहान, कौशल, रेणु छाबड़ा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
----------