सीएम के राजनीतिक सचिव मंगला पर घपले का आरोप
पलवल। श्रीवैश्य अग्रवाल सभा के अध्यक्ष ओम प्रकाश गुप्ता ने कहा है कि मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव दीपक मंगला पिछले चार साल में क्षेत्र में विकास के नाम पर कुछ नहीं करवा पाए हैं। शहर के अंदर भी उनके ही समर्थक ठेकेदार नगर परिषद में सफाई व ठेकेदारी के नाम पर हर महीने लाखों का घपला करने में लगे हैं।
गुप्ता शनिवार को पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मंगला के समर्थक फर्जी रसीद बनाकर समाज के लोगों से लाखों रुपये वसूल चुके हैं। इस मामले में वे अब अदालत का सहारा लेकर इस घपले को उजागर करेंगे और केस भी दर्ज कराया जाएगा। गुप्ता ने कहा कि मंगला ने अग्रवाल सभा के दो फाड़ कर वैश्य समाज को बांटने का काम किया है। वैश्य समाज इस कार्य के लिए मंगला को कभी माफ नहीं करेगा उनके साथ सभा के महासचिव दिनेश अग्रवाल व संरक्षक सत्य प्रकाश मित्तल भी थे। उधर दीपक मंगला का कहना है कि कुछ स्वार्थी लोग इस तरह के आरोप लगा रहे हैं। उन्हें समाज से कुछ लेना देना नहीं है। ऐसे लोगों ने हमेशा नेताओं के साथ मिलकर मलाई खाई है, जो अब भाजपा सरकार के कार्यकाल में रुकी हुई है। गुप्ता द्वारा लगाए गए सारे आरोप झूठे हैं।