दुष्कर्म के आरोपी से मोबाइल बरामद
हथीन। हथीन के एक गांव में दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार एक युवक से पुलिस ने मोबाइल बरामद किया है। आरोपी गांव नीमली जिला अलवर निवासी साजिद से रिमांड के दौरान पुलिस ने एक मोबाइल एवं दो अन्य सहयोगियों के नामों के बारे में जानकारी ली। जांच अधिकारी धर्मेन्द्र ने बताया कि एक आरोपी का नाम और गांव का पता चल गया है। उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आरोपी साजिद को सोमवार को लोकल सिविल कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
गो मांस बेचते एक गिरफ्तार
हथीन। हथीन थाना पुलिस ने गांव लखनाका में छापा मारकर गोमांस बेच रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। जांच अधिकारी देशराज ने बताया कि मुखबिर खास से सूचना मिली थी कि गांव लखनाका में गौमांस की बिक्री की जा रही है। मौके पर पुलिस ने छापा मारा तो घर के बाहर गो मांस बेच रहे फजरू को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ एचजीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
25 लोगों ने बैंक से की धोखाधड़ी
हथीन। मलाई गांव में एक बैंक से धोखाधड़ी करने के मामले में 25 लोगों के खिलाफ बैंक ने बहीन थाना पुलिस को लिखित शिकायत दी है। इसकी पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी बहीन रामदयाल ने बताया कि शिकायत मिली है और इस मामले में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।