शिविर में हुई जांच में 90 प्रतिशत छात्राओं में मिली खून की कमी
- इतनी ज्यादा संख्या में छात्राओं में खून की कमी मिलना चिंताजनक: उपायुक्त
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। रोटरी क्लब पलवल सिटी, जिला रेडक्रास सोसायटी व ग्लोबल डेंटल क्लीनिक के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कैंप में समाजसेवी संजीव वैदिक की स्मृति में दंत चिकित्सा व खून जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 300 छात्राओं की खून की जांच की गई। जिसमें से 90 प्रतिशत छात्राओं में खून की कमी पाई गई। इसके साथ ही 60 प्रतिशत छात्राओं की दांतों में कैविटी, पायरिया व सड़न जैसी शिकायतें मिली। डाक्टरों ने छात्राओं को प्रतिदिन खाना खाने के बाद सुबह व शाम को दांतों की सफाई करने की सलाह दी। वहीं खून की कमी को दूर करने के लिए छात्राओं को फल, दूध व दोनों समय रोटी के अलावा कैलोरी युक्त खाद्य पदार्थ खाने की सलाह दी। शिविर की अध्यक्षता रोटरी के प्रधान सचिन जैन ने की।
शिविर का उद्घाटन करने आए जिला उपायुक्त डा. मनीराम शर्मा ने कहा कि इतनी तादात में छात्राओं में खून की कमी पाना बेहद चिंताजनक बात है। इसके लिए खानपान व शारीरिक परिश्रम पर ध्यान देना होगा। उन्होंने अध्यापकों को निर्देश दिया कि वे जिन छात्राओं में खून की कमी पाई गई है, उनके माता-पिता को इस बारे में बताएं तथा डॉक्टर की सलाह पर उन्हें पोषण आहार खाने की सलाह दें। उपायुक्त ने कहा कि खून की कमी होना एक बीमारी भी है। ज्यादा कमी से इंसान का शरीर ठीक से काम नहीं करता है तथा व्यक्ति सुस्त रहता है। किसी कार्य में उसका मन नहीं लगता है। ऐसे में खून की कमी दूर करने के लिए पोषण आहार लेने के साथ-साथ दूध भी प्रतिदिन पीना चाहिए। डाक्टर से सलाह लेकर उसके अनुसार ही आहार लेना चाहिए।
इस अवसर पर जन स्वास्थ्य एवं शिक्षा समिति के अध्यक्ष डॉ राजीव अग्रवाल, डॉ प्रशांत गुप्ता, ग्लोबल डेंटल क्लिनिक से डॉ योगेश गर्ग, जिला रेडक्रास सोसायटी के सचिव बिजेंद्र सौरोत, रोटरी क्लब पलवल सिटी से अंजलि जैन, पवन सिंगला, मोनिका सिंगला, राहुल गुप्ता, दीपक गुलाटी, सीमा गुलाटी, डॉ शिव कुमार गुप्ता, डॉ रंजना गुप्ता, अजय गोयल, सुमन गर्ग, प्रीति गर्ग, सविता मित्तल, प्रमोद भार्गव, कविता भूमि, मोहित गोयल पार्षद, यशपाल मंगला, प्रधानाचार्य प्रमोद भारद्वाज, किरण बांका, नरेश कुमार, कुसुम लता, रेणु कालरा मौजूद थे।