मार्च से पहले हैप्पी कार्ड के लिए करीब 19 हजार लोगों ने किया था आवेदन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेेंसी
पलवल। जिले में एक लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले परिवारों के लिए संचालित हैप्पी कार्ड योजना का लाभ कई पात्र लोगों तक अभी भी नहीं पहुंच पाया है। रोडवेज के अनुसार, मार्च से पहले हैप्पी कार्ड के लिए करीब 19 हजार लोगों ने आवेदन किया था। इनमें से पांच हजार से अधिक लाभार्थियों को कार्ड वितरित किए जा चुके हैं, जबकि 14 हजार के करीब लोग अब तक अपना कार्ड लेने नहीं पहुंचे हैं।
इस योजना के तहत पात्र आवेदकों को हरियाणा रोडवेज की बसों में प्रतिवर्ष 1000 किलोमीटर तक नि:शुल्क यात्रा की सुविधा मिलती है। इसके लिए लाभार्थी को पहले सरकार के निर्धारित पोर्टल पर पंजीकरण कराना होता है, जिसके बाद पात्रता सत्यापन पूर्ण होने पर निर्धारित 50 रुपये शुल्क जमा कर हैप्पी कार्ड जारी किए जाते हैं।
विज्ञापन
पोर्टल में तकनीकी खराबी आने के कारण पात्रता रखने वाले नए लोग योजना के लिए आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। इससे उन्हें सामान्य किराया देकर बसों में यात्रा करनी पड़ रही है। लोगों ने जल्द पोर्टल शुरू करने की मांग की है, ताकि पात्र परिवारों को योजना का लाभ मिल सके।
2024 के भी कार्ड पड़े हैं लंबित
वर्ष 2024 में करीब 18 हजार लोगों ने हैप्पी कार्ड के लिए आवेदन किया था। इनमें से अधिकांश कार्ड वितरित किए जा चुके हैं, लेकिन अभी भी लगभग 2 हजार कार्ड बस डिपो में पड़े हुए हैं। विभाग ने पात्र लाभार्थियों से जल्द कार्ड प्राप्त करने की अपील की है।
अधिकारी का वर्जन
मार्च से पहले आवेदन करने वाले लाभार्थी बस अड्डे पर सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक पहुंचकर अपना हैप्पी कार्ड प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए आवेदक को पंजीकृत मोबाइल नंबर और 50 रुपये शुल्क साथ में लाना होगा। -जितेंद्र सिंह यादव, जीएम, रोडवेज