अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
- शव का पोस्टमार्टम करा अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ किया मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। राजमार्ग पर पृथला टोल बेरियर के पास मंगलवार को तड़के करीब तीन बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। इसके बाद परिजनों को सूचना दे दी। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
फरीदाबाद के एसजीएम नगर निवासी राज कुमार उर्फ राजू नामक युवक किसी से फोन करते हुए अचानक तड़के तीन बजे बाइक से निकल गया। पृथला टोल बेरियर के पास अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। इस कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गदपुरी पुलिस चौकी को इस बारे में जैसे ही सूचना मिली, पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस जब घायल को अस्पताल ले जाती तब तक राजकुमार ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को अस्पताल मेें शवगृह में रखवा दिया। बताया गया कि अज्ञात वाहन चालक दुर्घटना करने के बाद वाहन को लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मंगलवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक के भाई सूरज के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
फंदा लगाकर युवक ने की आत्महत्या
पलवल। गांव धतीर में किराए के मकान में रह रहे एक 24 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटना स्थल पर जाकर युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा लिया। इसके बाद शव को परिजनों को सौंप दिया।
गांव सिंघोली थाना दांदो जिला अलीगढ़ (यूपी) निवासी सुनील ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि छोटा भाई अरविंद पलवल के गांव धतीर स्थित भगवती कंपनी में काम करता था। वह वहीं पर किराए पर भी रहता था। शिकायत में कहा गया कि अरविंद पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। उसी के चलते गत 31 दिसंबर की सुबह करीब साढ़े सात बजे उसने चादर से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जिसकी जानकारी आसपास के लोगों को शाम को हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचना देकर बुलवा लिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले में 174 की कार्रवाई कर मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।
ससुराल में शराब पीने से एक व्यक्ति की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। यहां गेलपुर गांव में अपनी ससुराल में आए एक व्यक्ति की अधिक शराब पीने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया है। परिजनों के न पहुंचने पर न तो पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई की है और न ही पोस्टमार्टम हुआ है।
राजस्थान के गांव घासोली निवासी राजेश की पलवल शहर थाना अंतर्गत गांव गेलपुर में ससुराल है। बताया गया कि राजेश 29 दिसंबर को एक कार्यक्रम में शामिल होने गया था। इस कारण वह ससुराल में ही रुक गया था। 31 दिसंबर को उसने अधिक शराब पी ली। इस कारण उसकी तबियत बिगड़ गई और मौत हो गई। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मृतक की पत्नी ने दिए बयान में राजेश की मौत का कारण शराब पीना बताया है। जबकि अभी उसके परिजन यहां नहीं आए हैं। उनके बयान के बाद ही आगे कोई कार्रवाई की जाएगी। उनके आने के बाद ही पोस्टमार्टम कराया जाएगा।