रंजिशन घर में घुसकर परिवार पर हमला
हथीन। गांव बाबूपुर में कुछ लोगों ने रंजिशन एक विवाहिता के साथ घर में घुसकर मारपीट की। इसके बाद उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने पीड़िता के चाचा सहजाद के बयान मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी देशराज ने बताया कि गांव बाबूपुर निवासी सहजाद ने मुकदमा दर्ज कराया है कि 25 अक्टूबर की शाम करीब छह बजे पत्नी नूरा और भतीजी जाकीरा घर पर थे। उसी दौरान बाहर से किसी के झगड़े की आवाज सुनी। इस पर सहजाद ने झगड़ा ना करने को कहा। इस पर पड़ोस के ही इसाम, सलीम, दीनू, रफीक, नारा उर्फ यूनुस, रहीस आदि ने कहा कि तुझे अब पंच बनायेंगे क्या। इतना सुनकर सहजाद अपने घर वापस आ गया। इसके कुछ देर बाद ही उपरोक्त व्यक्ति अपने साथियों के साथ आए और लाठी-डंडे व दरांती लेकर सहजाद के घर में आ घुसे। आते ही उसकी पत्नी नूरा और भतीजी जाकीरा को गालियां देने लगे। सहजाद ने ऐसा करने से रोका तो रफीक ने अपने हाथ में ली हुई दरांती जाकीरा के सिर में मारी। सहजाद और उसकी पत्नी ने बीच बचाव करने की कोशिश की तो उनके साथ भी मारपीट की गई। जैसे तैसे अपनी जान बचाई और कमरे में बंद हो गये। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी और घर के सामान व तीन शेड को भी तोड़ दी। झगडे़ में विवाहिता जाकीरा को गहरी चोटें आई हैं। जांच अधिकारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है।